Tuesday, February 10

पाकिस्तान के घुटने पर आने की इनसाइड स्टोरी: बांग्लादेश नहीं, श्रीलंका के राष्ट्रपति का आधी रात का फोन गेम-चेंजर

नई दिल्ली: टी20 वर्ल्ड कप 2026 में भारत और पाकिस्तान के बीच 15 फरवरी को कोलंबो में होने वाले महामुकाबले पर छाई अनिश्चितता अब पूरी तरह खत्म हो गई है। पाकिस्तान ने आखिरकार यू-टर्न लेते हुए भारत के खिलाफ खेलने के लिए अपनी रजामंदी दे दी है। इस विवाद को सुलझाने में श्रीलंका के राष्ट्रपति अनुरा कुमारा दिसानायके और पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ के बीच हुई फोन कॉल निर्णायक साबित हुई।

This slideshow requires JavaScript.

30 मिनट की बातचीत में सुलझा विवाद
सोमवार, 9 फरवरी की रात दोनों नेताओं के बीच लगभग 30 मिनट तक लंबी बातचीत हुई। श्रीलंका के विदेश मंत्री विजिता हेराथ ने इसे ‘क्रिकेट डिप्लोमेसी’ करार दिया। राष्ट्रपति दिसानायके ने पाकिस्तान को याद दिलाया कि श्रीलंका और पाकिस्तान हमेशा एक-दूसरे के साथ खड़े रहे हैं। उन्होंने खासतौर पर 1996 वर्ल्ड कप का हवाला दिया, जब सुरक्षा कारणों से अन्य देशों ने श्रीलंका आने से मना किया था और भारत-पाक संयुक्त टीम ने कोलंबो आकर एकजुटता दिखाई थी। इसी ऐतिहासिक दोस्ती का उल्लेख कर पाकिस्तान को मैच खेलने के लिए राजी किया गया।

पाकिस्तान का यू-टर्न
पाकिस्तान सरकार ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर जानकारी दी कि उन्होंने केवल श्रीलंका ही नहीं, बल्कि बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड और संयुक्त अरब अमीरात (UAE) की औपचारिक अपीलों पर भी विचार किया। बांग्लादेश ने खुद पीसीबी से अनुरोध किया था कि वे इस संकट का कोई व्यवहार्य समाधान निकालें। अंतरराष्ट्रीय दबाव और संभावित आर्थिक प्रतिबंधों के बीच, पाकिस्तान ने अपने बहिष्कार के फैसले को वापस लिया।

ICC ने जताई राहत
सोमवार देर रात ICC ने आधिकारिक बयान जारी कर इस विकास की पुष्टि की। ICC ने कहा कि पीसीबी के साथ बातचीत रचनात्मक रही और दोनों पक्ष खेल के सर्वोत्तम हितों की रक्षा, निष्पक्षता बनाए रखने और सहयोग के लिए प्रतिबद्ध हैं।

राष्ट्रपति दिसानायके ने आधी रात को ट्वीट कर अपनी खुशी जाहिर की। उन्होंने कहा, “मुझे बेहद खुशी है कि कोलंबो में भारत-पाकिस्तान मैच योजना के अनुसार होगा। सह-मेजबान के रूप में श्रीलंका ICC और सभी संबंधित पक्षों के प्रयासों का शुक्रिया अदा करता है।”

श्रीलंका के लिए यह मैच केवल खेल नहीं, बल्कि उनके पर्यटन और अर्थव्यवस्था के लिए भी संजीवनी साबित होगा।

Leave a Reply