
नई दिल्ली: 7 फरवरी से आईसीसी टी20 वर्ल्ड कप 2026 शुरू हो चुका है। पाकिस्तान इस टूर्नामेंट में अपने सभी मुकाबले श्रीलंका में ही खेलेगा। लेकिन अब सोशल मीडिया पर पाकिस्तान टीम की हॉस्पिटेलिटी को लेकर एक वीडियो तेजी से वायरल हो रही है। वीडियो में दिखाई जा रही मेहमान नवाजी को देखकर फैंस टीम का मजाक उड़ा रहे हैं।
नीदरलैंड्स के खिलाफ मुश्किल जीत
पाकिस्तान ने टूर्नामेंट में अपना पहला मुकाबला नीदरलैंड्स के साथ खेला। यह मुकाबला बेहद कड़ा रहा। पाकिस्तान ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला किया था। नीदरलैंड्स ने 19.5 ओवर में 147 रन बनाए। लक्ष्य का पीछा करते हुए पाकिस्तान की हालत खराब रही, लेकिन फहीम अशरफ की तेज पारी की मदद से उन्होंने मुकाबला सिर्फ तीन गेंद रहते जीत लिया। इस जीत को पाकिस्तान के लिए ‘जैसे-तैसे’ जीत कहा जा रहा है।
भारत के खिलाफ 15 फरवरी का मुकाबला तय
टी20 वर्ल्ड कप 2026 में भारत और पाकिस्तान के महामुकाबले को लेकर पहले विवाद हुआ था। पाकिस्तानी सरकार ने कहा था कि वे बांग्लादेश का समर्थन करते हुए भारत के खिलाफ मैच नहीं खेलेंगे। लेकिन इसके बाद पाकिस्तान ने अपना रुख बदल दिया और मुकाबले के लिए राजी हो गया।
आईसीसी, पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड और बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड के बीच हुई बैठक में यह तय हुआ कि पाकिस्तान भारत के खिलाफ ग्रुप स्टेज मुकाबला खेलेगा। आईसीसी ने भी इस बात की आधिकारिक पुष्टि कर दी है।
पाकिस्तान 2022 के एशिया कप के बाद से भारत को किसी भी फॉर्मेट में हरा नहीं पाया है। ऐसे में 15 फरवरी का महामुकाबला क्रिकेट फैंस के लिए बेहद रोमांचक होने वाला है।
