
पटना: राजधानी पटना के सिविल कोर्ट में बुधवार को बम से धमाका करने की धमकी मिलने के बाद पूरे कोर्ट परिसर में अफरा-तफरी मच गई। धमकी भरा ईमेल सीधे कोर्ट प्रशासन और जिला बार एसोसिएशन को भेजा गया था। ईमेल में दावा किया गया कि कोर्ट के जज के चैंबर और वॉशरूम में आरडीएक्स रखे गए हैं, जिन्हें रिमोट के जरिए ब्लास्ट किया जाएगा।
धमकी मिलते ही कोर्ट प्रशासन ने तुरंत सभी जजों और वकीलों को बाहर निकालकर परिसर खाली करा दिया। वकीलों के साथ उनके क्लाइंट भी सुरक्षा कारणों से बाहर भेजे गए।
पीरबहोर थाने की पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और डॉग स्क्वाड के साथ मिलकर कोर्ट परिसर की गहन तलाशी शुरू कर दी। फिलहाल किसी भी बाहरी व्यक्ति, कैदी या गवाह को परिसर में प्रवेश की अनुमति नहीं दी जा रही है। राहत की बात यह है कि अब तक तलाशी के दौरान किसी भी विस्फोटक की पुष्टि नहीं हुई है।
पटना सिविल कोर्ट को यह धमकी एक महीने में तीसरी बार मिली है। इससे पहले 8 जनवरी और 28 जनवरी को भी कोर्ट को बम से उड़ाने की धमकी मिलने की घटनाएं सामने आ चुकी हैं। पुलिस मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच तेज कर दी है और धमकी देने वाले अज्ञात व्यक्ति को पकड़ने के प्रयास जारी हैं।
कोर्ट प्रशासन ने जनता से अपील की है कि वे अफवाहों पर ध्यान न दें और कोर्ट परिसर में सुरक्षा निर्देशों का पालन करें।