
नई दिल्ली: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भारत और अमेरिका के बीच अंतरिम व्यापार समझौते (Interim Trade Deal) पर सहमति बनने को लेकर बड़ी जानकारी साझा की है। उन्होंने इसे दोनों देशों के बीच बढ़ते विश्वास, गहराई और मजबूत साझेदारी का प्रतीक बताया।
प्रधानमंत्री ने शनिवार सुबह सोशल मीडिया प्लेटफ़ॉर्म एक्स पर पोस्ट कर अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप का धन्यवाद किया। उन्होंने कहा कि ट्रंप ने भारत-अमेरिका संबंधों को मजबूत बनाने में व्यक्तिगत रुचि दिखाई और यह समझौता ‘मेक इन इंडिया’ अभियान को नई दिशा देगा।
प्रधानमंत्री के बयान के मुख्य बिंदु:
-
यह समझौता ‘मेक इन इंडिया’ को नई मजबूती देगा।
-
किसानों, उद्यमियों, MSME सेक्टर, स्टार्टअप इनोवेटर्स, मछुआरों और युवाओं के लिए नए अवसर खुलेंगे।
-
महिलाओं और युवाओं के लिए बड़े पैमाने पर रोजगार सृजित होंगे।
-
भारत और अमेरिका इनोवेशन को बढ़ावा देंगे और निवेश व तकनीकी साझेदारी को और गहरा करेंगे।
-
भरोसेमंद और मजबूत सप्लाई चेन विकसित होगी, जो वैश्विक विकास में योगदान करेगी।
-
‘विकसित भारत’ के लक्ष्य की दिशा में भारत भविष्य-उन्मुख वैश्विक साझेदारियों के लिए प्रतिबद्ध रहेगा।
वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री पीयूष गोयल का बयान:
मंत्री गोयल ने कहा कि इस अंतरिम समझौते से भारतीय निर्यातकों, विशेष रूप से MSME, किसानों और मछुआरों के लिए लगभग 30,000 अरब डॉलर का बाजार खुलेगा। निर्यात में वृद्धि से महिलाओं और युवाओं के लिए लाखों नए रोजगार सृजित होंगे।
संयुक्त बयान में क्या कहा गया:
अंतरिम व्यापार समझौते की रूपरेखा 13 फरवरी, 2025 को प्रधानमंत्री मोदी और राष्ट्रपति ट्रंप द्वारा शुरू किए गए व्यापक द्विपक्षीय व्यापार वार्ता की प्रतिबद्धता को दर्शाती है। बयान में कहा गया, “अंतरिम समझौता हमारे देशों की साझेदारी में मील का पत्थर साबित होगा और पारस्परिक हितों पर आधारित संतुलित व्यापार को मजबूती देगा।”
भारत अमेरिका कृषि उत्पादों पर शुल्क कम करेगा:
समझौते के तहत भारत अमेरिका के औद्योगिक सामानों और खाद्य व कृषि उत्पादों पर शुल्क कम या समाप्त करेगा। इसमें शामिल हैं: सूखे अनाज, पशु आहार के लिए लाल ज्वार, मेवे, ताजे और प्रसंस्कृत फल, सोयाबीन तेल, शराब और स्पिरिट, तथा अन्य उत्पाद।
इस समझौते से ‘मेक इन इंडिया’, रोजगार सृजन और दोनों देशों के बीच भरोसेमंद व्यापारिक संबंधों को नई उड़ान मिलेगी।