
मेरठ: उत्तर प्रदेश के मेरठ में दिनदहाड़े हुए गैंगवार ने इलाके में सनसनी फैला दी। नौचंदी थाना क्षेत्र के जैदी फार्म में हिस्ट्रीशीटर मोहम्मद असलम की गोली मारकर हत्या कर दी गई। घटना 20 महीने पुरानी दुश्मनी और बदले की आग का परिणाम मानी जा रही है।
दिनदहाड़े घातक फायरिंग
पुलिस के अनुसार, असलम अपने दोस्त शुएब के साथ स्कूटी लेने घर से निकला था। तभी पहले से घात लगाए पांच हमलावरों ने उन्हें घेर लिया और ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी। हमले में असलम को चार गोलियां लगीं, जबकि शुएब को बचाने की कोशिश में उसके कंधे में गोली लगी। हमलावरों ने घटना को अंजाम देने के बाद थाने के सामने से बाइक पर फरार हो गए।
घटना के बाद इलाके में दहशत फैल गई। हमलावरों ने जाते-जाते यह धमकी भी दी कि उन्होंने अपने साथी की हत्या का बदला ले लिया है और भविष्य में दुश्मनी रखने वालों को नहीं छोड़ा जाएगा। शुएब को स्थानीय अस्पताल में भर्ती कराया गया, जबकि असलम को दिल्ली रेफर किया गया, रास्ते में ही उसकी मौत हो गई।
20 महीने पुरानी दुश्मनी
इस खूनी संघर्ष की जड़ 4 जून 2024 को हुई घटना से जुड़ी है। उस समय बिलाल और उसके साथियों ने बिजली बंबा मार्ग स्थित एक स्विमिंग पूल पर हिस्ट्रीशीटर अरशद की हत्या कर दी थी। बिलाल समेत पांच आरोपी जेल में हैं, जबकि उनके परिवार के अन्य सदस्य जमानत पर बाहर थे। इसी के चलते अरशद का परिवार बदले की फिराक में था।
असलम की हत्या से पहले अरशद का भाई असद ने खुलेआम सोशल मीडिया पर “खून का बदला खून से लिया जाएगा” की चेतावनी दी थी। बिलाल के परिजनों ने पुलिस को सूचना दी थी, लेकिन ढुलमुल रवैये के कारण यह वारदात हो गई।
पुलिस की कार्रवाई
पुलिस ने मुख्य आरोपी अशद समेत 11 लोगों के खिलाफ हत्या और अन्य गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। सीओ अभिषेक तिवारी और एसपी सिटी आयुष विक्रम ने मौके पर जाकर जांच की। असद पहले भी जिला बदर किया जा चुका है, इसके बावजूद सक्रिय रहकर उसने यह वारदात अंजाम दिया। पुलिस ने आरोपी अरशद के परिवार के पांच लोगों को हिरासत में ले लिया है।