
जबलपुर: कुंडम थाना क्षेत्र में एक सनसनीखेज घटना ने गांववासियों को हिला कर रख दिया। 26 वर्षीय कपिल टेमरे की मौत खेत में शिकार के लिए बिछाए गए बिजली के करंट की चपेट में आने से हुई। मामले की भयावहता इस बात से बढ़ गई कि आरोपियों ने शव को छिपाने के लिए तार से बांधकर भारी पत्थरों के साथ डैम में फेंक दिया। पुलिस ने सभी आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
जानवर फंसाने के लिए बिछाया करंट, इंसान बन गया शिकार
पुलिस के अनुसार, आरोपियों ने खेत में जानवरों को पकड़ने के लिए जीआई तार में करंट दौड़ा रखा था। इसी करंट की चपेट में आने से कपिल तेमरे की मौके पर ही मौत हो गई। डर के मारे आरोपियों ने शव को तार से बांधकर कंबल और भारी पत्थरों में लपेटकर सिल डैम में फेंक दिया।
कपिल 30 जनवरी को खेत जाने के लिए घर से निकला था और वापस नहीं लौटा। परिवार ने उसकी तलाश की और 2 फरवरी को कुंडम थाने में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई। मंगलवार को उसका शव डैम से बरामद हुआ।
पुलिस ने छह लोगों को बनाया आरोपी
पुलिस ने मामले में घूघरा गांव के लमन सिंह कडोपा (32), राजू सिंह उदे (41), रामकुमार उर्फ मुन्ना मरावी (32), गुलजार सिंह बरकड़े (39), भग सिंह मार्को (38) और महेंद्र सिंह (40) को आरोपी बनाया है। घटना के वक्त कपिल का साथी दीपू कडोपा भी करंट की चपेट में आया था, लेकिन वह बच गया।
पुलिस का कहना है कि मामले की जाँच अभी जारी है और सभी आरोपियों से पूछताछ की जा रही है।