Friday, February 6

दिल्ली-NCR में ठंड का आखिरी दौर, अगले 10-15 दिन बनी रहेगी सर्दी

नई दिल्ली: राजधानी दिल्ली में सर्दियां अब अपने अंतिम चरम पर हैं। मौसम विभाग (IMD) के अनुसार, अगले 10 से 15 दिनों में सर्दियों की विदाई हो सकती है। हालांकि इस दौरान बीच-बीच में हल्की ठंडी हवाएं चल सकती हैं और हल्की बूंदाबांदी की संभावना भी है।

This slideshow requires JavaScript.

मौसम का हाल:
फिलहाल दिल्ली का मौसम सुखद बना हुआ है। अगले 2-3 दिन धूप निकलने की संभावना है। इस हफ्ते अधिकतम तापमान 26 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है, जिससे दिन में हल्की गर्मी महसूस हो सकती है। गुरुवार को अधिकतम तापमान 23.9 डिग्री और न्यूनतम तापमान 10.2 डिग्री दर्ज किया गया, जो सामान्य से थोड़ा अधिक है।

शनिवार को तेज हवाएं:
मौसम विभाग के अनुसार शुक्रवार को हल्के बादल रहेंगे और सुबह हल्का कोहरा देखने को मिल सकता है। अधिकतम तापमान 23 डिग्री, न्यूनतम तापमान 9 डिग्री के आसपास रहने की संभावना है। शनिवार को तेज हवाएं चल सकती हैं, और तापमान अधिकतम 23-25 डिग्री, न्यूनतम 10-12 डिग्री के बीच रहेगा।

कम होता जा रहा ठंड का असर:
दिल्ली-NCR में सुबह के समय हल्का से मध्यम कोहरा देखने को मिल सकता है। अधिकतम तापमान 22-26 डिग्री, न्यूनतम तापमान 8-13 डिग्री के बीच रहने की संभावना है। स्काईमेट के अनुसार राजधानी में ठंड का असर धीरे-धीरे कम हो रहा है। गुरुवार को विजिबिलिटी भी अच्छी रही, पालम एयरपोर्ट समेत अन्य इलाकों में न्यूनतम विजिबिलिटी 1000 मीटर या उससे अधिक दर्ज की गई।

प्रदूषण का स्तर:
गुरुवार को राजधानी में प्रदूषण का स्तर खराब रहा। पीएम 2.5 और ओजोन मुख्य प्रदूषक रहे। दिल्ली का औसत AQI 241 रहा। फरीदाबाद का 162, गाजियाबाद का 266, ग्रेटर नोएडा का 220, गुरुग्राम का 295 और नोएडा का 237 दर्ज किया गया।
पूर्वानुमान के अनुसार 6 से 8 फरवरी तक प्रदूषण का स्तर सामान्य रहेगा, जबकि अगले 6 दिनों तक सामान्य से खराब स्तर पर रह सकता है।

मौसम विभाग ने नागरिकों को सलाह दी है कि ठंडी हवाओं और बीच-बीच की बूंदाबांदी के दौरान आवश्यक सावधानियां बरतें और प्रदूषण के बढ़ते स्तर से बचने के लिए सुरक्षात्मक उपाय अपनाएं।

Leave a Reply