Friday, February 6

WPL 2026: RCB पर पैसों की बारिश, दिल्ली फिर फाइनल में चूकी… जानिए किसे मिली कितनी प्राइज मनी

वडोदरा। विमेंस प्रीमियर लीग (WPL) 2026 का खिताब एक बार फिर रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) ने अपने नाम कर लिया। गुरुवार को बीसीए स्टेडियम में खेले गए फाइनल मुकाबले में आरसीबी ने दिल्ली कैपिटल्स (DC) को 6 विकेट से हराकर दूसरी बार ट्रॉफी पर कब्जा जमाया। जीत के साथ आरसीबी को 6 करोड़ रुपये की इनामी राशि मिली, जबकि उपविजेता दिल्ली कैपिटल्स को 3 करोड़ रुपये देकर संतोष करना पड़ा।

This slideshow requires JavaScript.

दिल्ली के लिए यह हार बेहद निराशाजनक रही, क्योंकि टीम लगातार चौथी बार फाइनल में पहुंचकर भी ट्रॉफी जीतने में नाकाम रही। वहीं आरसीबी ने एक बार फिर साबित कर दिया कि बड़े मुकाबलों में टीम का आत्मविश्वास और अनुभव उसे चैंपियन बनाने का दम रखता है।

दिल्ली ने बनाए 203 रन, लेकिन जीत न मिली

टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी दिल्ली कैपिटल्स ने 20 ओवरों में 4 विकेट के नुकसान पर 203 रन बनाए। टीम को शेफाली वर्मा और लिजेल ली की सलामी जोड़ी ने तेज शुरुआत दिलाई और 5.5 ओवर में 49 रन जोड़े।

हालांकि, शेफाली 20 रन बनाकर आउट हुईं और लिजेल ली ने 37 रनों की पारी खेली। 72 रन तक दिल्ली ने दोनों ओपनर्स के विकेट गंवा दिए, लेकिन इसके बाद जेमिमा रोड्रिगेज और लौरा वोल्वार्ड्ट ने 76 रनों की अहम साझेदारी कर टीम को मजबूत स्थिति में पहुंचाया।

जेमिमा ने 37 गेंदों में 8 चौकों की मदद से 57 रन बनाए। अंत में चिनले हेनरी (नाबाद 35) और वोल्वार्ड्ट (44) ने चौथे विकेट के लिए 54 रन जोड़कर दिल्ली को 200 के पार पहुंचाया।

मंधाना-वोल की जोड़ी ने RCB को दिलाई मजबूत पकड़

204 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी आरसीबी की शुरुआत झटके के साथ हुई, जब ग्रेस हैरिस 9 रन बनाकर आउट हो गईं। लेकिन इसके बाद कप्तान स्मृति मंधाना और जॉर्जिया वोल ने तूफानी बल्लेबाजी करते हुए मैच को आरसीबी की पकड़ में ला दिया।

दोनों ने दूसरे विकेट के लिए 92 गेंदों में 165 रन की शानदार साझेदारी की। जॉर्जिया वोल ने 54 गेंदों में 14 चौकों की मदद से 79 रन बनाए, जबकि मंधाना ने 41 गेंदों में 12 चौके और 3 छक्कों के साथ 87 रन की धमाकेदार पारी खेली।

राधा यादव ने फाइनल में दिलाई जीत

174 रन पर जॉर्जिया वोल के आउट होने के बाद आरसीबी ने ऋचा घोष और मंधाना के विकेट भी जल्दी गंवा दिए, जिससे मुकाबला रोमांचक हो गया। लेकिन अंत में राधा यादव ने दबाव में शानदार बल्लेबाजी करते हुए 5 गेंदों पर 12 रन बनाए और दो चौके लगाकर आरसीबी को 19.4 ओवरों में जीत दिला दी।

दिल्ली की ओर से चिनले हेनरी ने 2 विकेट झटके, जबकि नंदिनी शर्मा और मिन्नु मणि को 1-1 सफलता मिली।

WPL 2026: अवॉर्ड विनर्स और प्राइज मनी की पूरी लिस्ट

अवॉर्ड खिलाड़ी/टीम प्राइज मनी
चैंपियन (Winner) रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) ₹6 करोड़
रनर-अप (Runner-up) दिल्ली कैपिटल्स (DC) ₹3 करोड़
प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट (MVP) सोफी डिवाइन ₹5 लाख
ऑरेंज कैप (सर्वाधिक रन) स्मृति मंधाना ₹5 लाख
पर्पल कैप (सर्वाधिक विकेट) सोफी डिवाइन ₹5 लाख
सर्वाधिक छक्के सोफी डिवाइन ₹5 लाख
बेस्ट स्ट्राइक रेट ग्रेस हैरिस ₹5 लाख
फाइनल प्लेयर ऑफ द मैच स्मृति मंधाना ₹2.5 लाख
इमर्जिंग प्लेयर ऑफ द सीजन नंदिनी शर्मा ₹5 लाख

दिल्ली की उम्मीदें फिर टूटीं, RCB का जलवा बरकरार

दिल्ली कैपिटल्स ने पूरे टूर्नामेंट में बेहतरीन प्रदर्शन किया, लेकिन फाइनल में एक बार फिर किस्मत और दबाव ने टीम का साथ नहीं दिया। दूसरी ओर आरसीबी ने अपनी आक्रामक बल्लेबाजी और अनुभव के दम पर खिताब जीतकर इतिहास रच दिया।

आरसीबी की इस जीत ने न सिर्फ टीम को दूसरी बार चैंपियन बनाया, बल्कि WPL 2026 का फाइनल क्रिकेट प्रेमियों के लिए एक यादगार मुकाबला भी बन गया।

Leave a Reply