
पटना/इंफाल: मणिपुर में एक बार फिर भारतीय जनता पार्टी के नेतृत्व में राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (एनडीए) की सरकार बनने का रास्ता साफ हो गया है। एनडीए की सहयोगी पार्टी जनता दल (यूनाइटेड) ने प्रस्तावित नई सरकार को समर्थन देने की औपचारिक घोषणा करते हुए राज्यपाल को समर्थन पत्र सौंप दिया है।
जेडीयू के राष्ट्रीय महासचिव और उत्तर-पूर्व प्रभारी अफाक अहमद खान ने बताया कि पार्टी की ओर से राज्यपाल अजय कुमार भल्ला को समर्थन पत्र सौंपा गया है। उनके अनुसार इस कदम से राज्य में नई सरकार के गठन की प्रक्रिया को निर्णायक बढ़त मिल गई है।
पार्टी के राष्ट्रीय सचिव मोहम्मद निसार ने कहा कि मणिपुर में राजनीतिक स्थिरता और विकास कार्यों को गति देने के उद्देश्य से यह निर्णय लिया गया है। उन्होंने कहा कि लंबे समय से जारी अनिश्चितता के बाद राज्य को एक मजबूत और स्थिर सरकार की जरूरत है, जिसे ध्यान में रखते हुए जेडीयू ने समर्थन का फैसला किया है।
इससे पहले एनडीए विधायक दल की बैठक में युमनाम खेमचंद सिंह को नेता चुना गया। इसके बाद गठबंधन नेताओं ने राज्यपाल से मुलाकात कर सरकार बनाने का दावा पेश किया। राष्ट्रपति शासन की अवधि समाप्त होने से पहले नई सरकार के गठन की संवैधानिक प्रक्रिया तेज कर दी गई है।
सूत्रों के अनुसार नई सरकार में सामाजिक और क्षेत्रीय संतुलन बनाए रखने के लिए दो उपमुख्यमंत्रियों की नियुक्ति का प्रस्ताव है। उल्लेखनीय है कि मैतेई और कुकी समुदाय के बीच हिंसा के बाद तत्कालीन मुख्यमंत्री एन. बीरेन सिंह ने 9 फरवरी 2025 को इस्तीफा दे दिया था। इसके बाद 13 फरवरी 2025 से राज्य में राष्ट्रपति शासन लागू है, जिसकी अवधि 12 फरवरी 2026 को समाप्त हो रही है।