
मऊ: उत्तर प्रदेश सरकार के कैबिनेट मंत्री ओमप्रकाश राजभर ने शनिवार को मऊ–आजमगढ़ बॉर्डर पर मीडिया से बातचीत में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के बयान का खुलकर समर्थन करते हुए समाजवादी पार्टी पर तीखा हमला बोला।
राजभर ने कहा कि समाजवादी पार्टी की सरकार के दौरान प्रदेश दंगों, कर्फ्यू और अराजकता के लिए जाना जाता था। उस समय उत्तर प्रदेश की पहचान ‘गुंडाराज’ के रूप में बन गई थी, जबकि वर्तमान योगी सरकार में कानून-व्यवस्था मजबूत हुई है और आम जनता खुद को सुरक्षित महसूस कर रही है।
एसआईआर (SIR) को लेकर सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव के बयान पर पलटवार करते हुए राजभर ने कहा कि एसआईआर कराना पूरी तरह चुनाव आयोग का काम है और इसका सरकार से कोई संबंध नहीं है। उन्होंने बताया कि नाम जोड़ने या हटाने तथा संशोधन की प्रक्रिया निर्धारित समय तक जारी रहेगी और यह छह राज्यों में लगातार चल रही है।
कैबिनेट मंत्री ने आरोप लगाया कि अखिलेश यादव एसआईआर के मुद्दे पर जनता को गुमराह करने के लिए लगातार गलत संदेश फैला रहे हैं। उन्होंने कहा, “अयोध्या में भगवान राम का भव्य मंदिर बनने पर भी समाजवादी पार्टी ने विरोध किया। किसानों के खातों में सम्मान निधि पहुंचने पर भी विरोध हुआ। पूर्वांचल एक्सप्रेसवे जैसे विकास कार्यों का भी सपा ने विरोध किया।”
ओमप्रकाश राजभर ने तंज कसते हुए कहा, “अब समाजवादी पार्टी का काम केवल हर अच्छे काम का विरोध करना रह गया है। अगर सरकार के अच्छे कामों का समर्थन करना ही है, तो फिर चुनाव में जनता के बीच जाकर वोट क्यों मांगते हैं?”