Wednesday, February 4

कुवैत में शादी, आंध्र प्रदेश में बच्चा और मुजफ्फरनगर में धोखा: शेख सैयदानी ने लगाया आरजू पर धोखाधड़ी का आरोप

मुजफ्फरनगर। पश्चिमी उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर में रहने वाले मोहम्मद आरजू पर आरोप है कि उसने कुवैत में आंध्र प्रदेश की युवती शेख सैयदानी से शादी की और भारत लौटकर उन्हें छोड़ दिया। पीड़िता का कहना है कि आरजू पहले से ही शादीशुदा था और उसने जानबूझकर धोखा दिया।

This slideshow requires JavaScript.

पुलिस को मिली शिकायत के अनुसार, मुजफ्फरनगर के मोहल्ला लद्धावाला निवासी आरजू की मुलाकात कुवैत में चित्तूर की रहने वाली शेख सैयदानी से हुई थी। दोनों के बीच प्रेम संबंध के बाद कुवैत में विवाह संपन्न हुआ। विवाह के कुछ समय बाद शेख सैयदानी गर्भवती हो गईं। इसके बाद आरजू उन्हें आंध्र प्रदेश में उनके मायके लेकर आया।

शेख सैयदानी ने बताया कि कुछ समय तक दोनों साथ रहे, फिर आरजू ने कहा कि वह मुजफ्फरनगर अपने घर जाकर परिवार से बात कर उन्हें लेने आएगा। लेकिन कई दिन बीत जाने के बाद भी आरजू वापस नहीं आया। इसी बीच शेख सैयदानी ने बच्ची को जन्म दिया। जब उन्होंने आरजू के वॉट्सऐप स्टेटस पर किसी अन्य महिला की फोटो देखी, तो पता चला कि यह महिला आरजू की पहली पत्नी है।

पीड़िता ने कई बार आरजू से अनुरोध किया कि वह आंध्र प्रदेश आकर उन्हें अपने घर मुजफ्फरनगर ले जाए, लेकिन वह लगातार वादे करके लौटते नहीं थे। परेशान होकर शेख सैयदानी ने आंध्र प्रदेश पुलिस में शिकायत की, लेकिन कोई मदद नहीं मिली। इसके बाद उन्होंने अपनी बच्ची के साथ मुजफ्फरनगर आकर स्थानीय पुलिस से न्याय की गुहार लगाई।

मुजफ्फरनगर के पुलिस उपाधीक्षक सिद्धार्थ मिश्रा ने बताया कि मामला गंभीर है और पुलिस आरोपी से जल्द पूछताछ करेगी। उन्होंने कहा, “शेख सैयदानी की शिकायत पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। जल्द ही आरोपी के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी।”

Leave a Reply