
नई दिल्ली: इस साल पश्चिम बंगाल, तमिलनाडु, केरल, असम और पुडुचेरी में होने वाले विधानसभा चुनावों के लिए चुनाव आयोग ने तैयारियां शुरू कर दी हैं। सूत्रों के मुताबिक, मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के नेतृत्व में चुनाव आयोग इन राज्यों का दौरा शुरू करेगा, ताकि चुनावों से पहले कानून-व्यवस्था और अन्य तैयारियों का जायजा लिया जा सके।
कब समाप्त हो रहा कार्यकाल
इन राज्यों में चार विधानसभा का कार्यकाल मई 2026 में समाप्त हो रहा है, जबकि पुडुचेरी का कार्यकाल 15 जून 2026 को खत्म हो रहा है। इनमें सबसे पहले पश्चिम बंगाल विधानसभा का कार्यकाल 7 मई 2026 को समाप्त होगा।
-
पश्चिम बंगाल – 294 सीटें, कार्यकाल 7 मई 2026
-
तमिलनाडु – 234 सीटें, कार्यकाल 10 मई 2026
-
केरल – 140 सीटें, कार्यकाल 23 मई 2026
-
असम – 126 सीटें, कार्यकाल 20 मई 2026
-
पुडुचेरी – 30 सीटें, कार्यकाल 15 जून 2026
चुनाव आयोग फरवरी से मार्च के पहले सप्ताह तक इन राज्यों का दौरा करेगा। इस दौरान चीफ सेक्रेटरी, डीजीपी, सीईओ और राजनीतिक पार्टियों के साथ बैठकें की जाएंगी। ताकि चुनाव प्रक्रिया में कानूनी और प्रशासनिक तैयारियों के साथ राजनीतिक सुझावों को भी शामिल किया जा सके।
मार्च के बाद हो सकता है ऐलान
पिछले साल बिहार विधानसभा चुनावों में तारीखों की घोषणा से लेकर पूरी प्रक्रिया खत्म होने में 42 दिन लगे थे। इसी को देखते हुए, इन पांच राज्यों में भी मार्च के पहले सप्ताह के बाद चुनावों का ऐलान होने की संभावना है।
चुनाव आयोग की यह तैयारियां यह सुनिश्चित करने के लिए हैं कि नई विधानसभा का गठन कार्यकाल समाप्त होने से पहले हो और चुनाव प्रक्रिया सुचारू रूप से संपन्न हो।