
नई दिल्ली: भारत और अमेरिका के बीच हाल ही में संपन्न व्यापार समझौते को सरकार उपलब्धि के रूप में प्रस्तुत कर रही है, वहीं विपक्षी दल कई सवाल उठा रहे हैं। ट्रेड डील से जुड़े अहम सवालों और उनके जवाब इस प्रकार हैं।
भारत-अमेरिका ट्रेड डील क्या तय हुई?
अमेरिकी राष्ट्रपति डॉनल्ड ट्रंप ने घोषणा की कि भारत से अमेरिका जाने वाले सामान पर टैरिफ 50% से घटाकर 18% किया जाएगा। भारत की तरफ से वाणिज्य और कृषि मंत्री पीयूष गोयल ने कहा कि संवेदनशील सेक्टरों, खासकर कृषि और डेयरी के हित सुरक्षित रखे गए हैं।
डील कब से लागू होगी?
ट्रंप ने कहा है कि 18% टैरिफ तुरंत लागू होगा। हालांकि, अमेरिकी नियमों के मुताबिक इसके लिए औपचारिक सरकारी आदेश जारी होना जरूरी है। भारत सरकार के अनुसार, दोनों देशों की टीमें डील के तकनीकी पहलुओं को अंतिम रूप दे रही हैं। ‘फाइनल अंडरस्टैंडिंग’ के बाद संयुक्त बयान के साथ लागू होने की तारीख स्पष्ट होगी।
25% ऑयल पेनल्टी का क्या हुआ?
अप्रैल 2025 में रूस से तेल खरीद पर भारत पर 25% अतिरिक्त पेनल्टी लगाई गई थी, जिससे कुल टैरिफ 50% हो गया था। डील के तहत अमेरिका ने 25% पेनल्टी हटाने और बेस टैरिफ को 18% तक लाने पर सहमति दी है।
क्या भारत अमेरिकी सामानों पर जीरो टैरिफ देगा?
ट्रंप ने कुछ अमेरिकी प्रोडक्ट्स पर जीरो टैरिफ की बात कही है। हालांकि, किन प्रोडक्ट्स पर और कब से यह लागू होगा, फिलहाल स्पष्ट नहीं है। संकेत हैं कि इंडस्ट्रियल गुड्स पर कटौती तेज हो सकती है, जबकि संवेदनशील क्षेत्रों में सावधानी बरती जाएगी।
500 बिलियन डॉलर की खरीद का मतलब
ट्रंप के दावे के अनुसार, भारत 500 बिलियन डॉलर की अमेरिकी चीजें खरीदेगा। भारतीय अधिकारियों का कहना है कि यह खरीद डील लागू होने के बाद 5-6 साल में पूरी हो सकती है।
कृषि और डेयरी पर भारत की नीति
अमेरिका अपने कृषि निर्यात के लिए बाजार चाहता है, लेकिन भारत ने साफ किया है कि GM फसलें और डेयरी सेक्टर सुरक्षित रहेंगे। सूत्रों के अनुसार, सेव और बादाम सहित कुछ चीजों पर छूट दी जा सकती है।