Tuesday, June 23

This slideshow requires JavaScript.

मेरठ में अवैध पिस्टल फैक्ट्री का भंडाफोड़, SWAT टीम ने दो गिरफ्तार

मेरठ: ग्राम पंचायत चुनाव से पहले अवैध हथियारों की सप्लाई की साजिश को पुलिस ने नाकाम कर दिया है। ताज गार्डन इलाके में किराए के एक गोदाम में चल रही पिस्टल फैक्ट्री पर एसपी सिटी की SWAT टीम और लोहिया नगर थाना पुलिस ने संयुक्त छापेमारी की। इस कार्रवाई में दो शातिर आरोपियों को गिरफ्तार किया गया और भारी मात्रा में अधबने और तैयार हथियार बरामद किए गए।

This slideshow requires JavaScript.

एसएसपी/डीआईजी डॉ. विपिन ताडा ने प्रेस वार्ता में बताया कि मुखबिर की सूचना के आधार पर टीम ने गोदाम में छापा मारा। मौके पर आमिर पुत्र नूर इलाही, निवासी नूर वाली गली, थाना लिसाड़ी गेट को हथियार बनाते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया गया। उसके पास से पुलिस ने 32 बोर की 5 पिस्टल, 2 तैयार मैगजीन, 99 अधबनी मैगजीन, हथियार बनाने के उपकरण और 6,500 रुपये नकद बरामद किए।

दूसरे आरोपी रिहान पुत्र सागर, निवासी डी-ब्लॉक समर कॉलोनी, थाना लिसाड़ी गेट को खरखौदा पुलिस ने गिरफ्तार किया। उसके कब्जे से 2 अवैध पिस्टल, 3,500 रुपये नकद और एक मोटरसाइकिल बरामद हुई।

पूछताछ में आरोपियों ने खुलासा किया कि गोदाम किराए पर लेकर अवैध पिस्टल फैक्ट्री संचालित की जा रही थी। पिस्टल बनाने में लगभग 5 दिन का समय और 5,000 रुपये की लागत आती थी, जिसे बाद में 25 से 30 हजार रुपये में बेचा जाता था। तैयार हथियार आमिर पुत्र रहीमुद्दीन, अमजद उर्फ़ बॉबी और साजिद अंसारी को सप्लाई किए जाते थे।

मुख्य आरोपी आमिर के खिलाफ पहले से ही आर्म्स एक्ट और गैंगस्टर एक्ट के तहत तीन मामले दर्ज हैं। वहीं, रिहान वर्ष 2022 में भी अवैध हथियारों के मामले में जेल जा चुका है।

एसएसपी डॉ. विपिन ताडा ने कहा कि कई अन्य लोगों को भी चिन्हित किया गया है, जिनमें गोदाम मालिक इरफान शामिल है। पुलिस अवैध हथियारों की सप्लाई नेटवर्क को खत्म करने के लिए लगातार कार्रवाई कर रही है।

Leave a Reply