Sunday, June 21

This slideshow requires JavaScript.

जबलपुर में दर्दनाक हादसा: फ्लाईओवर से नीचे गिरा हाईवा, बाइक सवार और चालक की मौत, कार सवार परिवार बाल-बाल बचा

जबलपुर। मध्यप्रदेश के जबलपुर जिले में मंगलवार दोपहर एक भीषण सड़क हादसा हो गया। शाहपुरा थाना क्षेत्र में निर्माणाधीन फ्लाईओवर के ऊपर से गुजर रहा एक तेज रफ्तार हाईवा वाहन अचानक अनियंत्रित होकर बाउंड्री तोड़ते हुए नीचे साइड रोड पर जा गिरा। इस हादसे में हाईवा की चपेट में आने से एक बाइक सवार की मौके पर मौत हो गई, जबकि हाईवा चालक ने भी घटनास्थल पर दम तोड़ दिया। वहीं, सड़क से गुजर रही एक कार हादसे के महज एक सेकंड के अंतर से बच गई, हालांकि उसमें सवार चार लोग घायल हो गए।

This slideshow requires JavaScript.

निर्माणाधीन फ्लाईओवर पर हुआ हादसा

पाटन एसडीओपी लोकेश डाबर के अनुसार शाहपुरा थाना अंतर्गत फ्लाईओवर का निर्माण कार्य चल रहा था। इसी दौरान निर्माण कार्य में लगा हाईवा दोपहर करीब तीन बजे अचानक नियंत्रण खो बैठा और सीधे नीचे साइड रोड पर गिर गया। हादसे के समय साइड रोड से एक मोटरसाइकिल और कार गुजर रही थी, जो हाईवा की चपेट में आ गई।

बाइक सवार की मौके पर मौत

हाईवा के नीचे दबने से मोटरसाइकिल सवार बलराम यादव (35 वर्ष) निवासी नटवारा की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। हादसे की भयावहता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि बाइक सवार का शव हाईवा के नीचे दबा मिला।

कार सवार परिवार बाल-बाल बचा

हादसे के दौरान हाईवा गिरते ही सड़क से गुजर रही कार के पिछले हिस्से से टकरा गया। कार में सवार चार लोगों को गंभीर चोटें आई हैं, जिन्हें तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया गया। राहत की बात यह रही कि सभी की हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है। घायल परिवार भोपाल का बताया जा रहा है।

हाईवा चालक का शव कैबिन में फंसा

हादसे में हाईवा चालक की भी मौके पर ही मौत हो गई। चालक का शव हाईवा के केबिन में फंसा हुआ था। सूचना मिलते ही पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंची और रेस्क्यू कर शवों को बाहर निकाला। पुलिस ने पंचनामा कार्रवाई के बाद दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

चालक की पहचान नहीं हो सकी

फिलहाल हाईवा चालक की पहचान नहीं हो पाई है। पुलिस उसके संबंध में जानकारी जुटा रही है। मामले में मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी गई है।

यह हादसा न केवल निर्माण कार्य में सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े करता है, बल्कि यह भी दर्शाता है कि एक छोटी सी चूक किस तरह बड़ी त्रासदी में बदल सकती है।

Leave a Reply