Tuesday, February 3

टी20 वर्ल्ड कप से बाहर स्टीव स्मिथ अब पीएसएल में दिखाएंगे दम, सियालकोट ने बनाया मार्की खिलाड़ी

नई दिल्ली। ऑस्ट्रेलिया के दिग्गज बल्लेबाज स्टीव स्मिथ अब पाकिस्तान सुपर लीग (PSL) 2026 में खेलते नजर आएंगे। टी20 अंतरराष्ट्रीय टीम से लंबे समय से बाहर चल रहे स्मिथ को ऑस्ट्रेलिया ने आगामी टी20 विश्व कप के लिए भी नजरअंदाज कर दिया। बिग बैश लीग में शानदार प्रदर्शन के बावजूद उन्हें न तो राष्ट्रीय टीम में जगह मिली और न ही आईपीएल नीलामी में किसी फ्रेंचाइजी ने उन पर दांव लगाया। ऐसे में 36 वर्षीय स्मिथ अब पीएसएल के मंच पर अपनी बल्लेबाजी का जलवा बिखेरेंगे।

This slideshow requires JavaScript.

पीएसएल के नए सीजन में शामिल हुई फ्रेंचाइजी सियालकोट स्टैलियन्स ने स्मिथ को अपने साथ मार्की खिलाड़ी के रूप में जोड़ा है। टीम की कमान ऑस्ट्रेलिया के पूर्व कप्तान और विकेटकीपर बल्लेबाज टिम पेन के हाथों में है, जो इस टीम के हेड कोच नियुक्त किए गए हैं। स्मिथ ने अब तक पीएसएल में एक भी मुकाबला नहीं खेला है। वह 2019 सीजन में खेलने वाले थे, लेकिन चोट के कारण टूर्नामेंट से बाहर हो गए थे।

बिग बैश लीग के दौरान स्टीव स्मिथ और बाबर आजम एक ही टीम सिडनी सिक्सर्स का हिस्सा थे। एक मुकाबले में बाबर की धीमी बल्लेबाजी चर्चा का विषय बनी थी। कई डॉट गेंद खेलने के बाद बाबर ने ओवर की आखिरी गेंद पर सिंगल लेने की कोशिश की, लेकिन स्मिथ ने उन्हें वापस भेज दिया। इसके बाद अगले ओवर में स्मिथ ने आक्रामक रुख अपनाते हुए चार छक्के जड़ दिए। बाबर जल्द ही बोल्ड हो गए और मैदान पर उनकी नाराजगी साफ दिखाई दी। यह घटना सोशल मीडिया पर भी काफी चर्चा में रही।

अब पीएसएल 2026 में स्मिथ की मौजूदगी से टूर्नामेंट की प्रतिस्पर्धा और रोमांच बढ़ने की उम्मीद है। क्रिकेट प्रशंसकों की नजरें इस बात पर टिकी होंगी कि अंतरराष्ट्रीय टी20 से बाहर चल रहे स्मिथ लीग क्रिकेट में किस तरह वापसी का संदेश देते हैं।

Leave a Reply