Tuesday, February 3

अडानी डिफेंस ने लियोनार्डो के साथ किया हेलीकॉप्टर निर्माण का समझौता

अडानी ग्रुप की कंपनी अडानी डिफेंस एंड एयरोस्पेस ने आज दिल्ली में इटली की प्रमुख एयरोस्पेस कंपनी लियोनार्डो (Leonardo) के साथ एक बड़ा समझौता किया। इस समझौते के तहत भारत में AW169M और AW109 TrekkerM हेलीकॉप्टरों के निर्माण और मैन्यूफैक्चरिंग इकोसिस्टम को विकसित किया जाएगा।

This slideshow requires JavaScript.

इस साझेदारी का मुख्य उद्देश्य भारत में ‘मेक इन इंडिया’ को मजबूत करना और देश को हेलीकॉप्टर निर्माण में आत्मनिर्भर बनाना है। शुरुआत में हेलीकॉप्टर के पुर्जे भारत में बनाए जाएंगे, साथ ही मरम्मत, रखरखाव (MRO) और पायलट ट्रेनिंग की सुविधाएं भी देश में ही उपलब्ध कराई जाएंगी।

अडानी डिफेंस एंड एयरोस्पेस के डायरेक्टर जीत अडानी ने कहा, “हम मिलकर भारत की धरती पर एक ऐसा सिस्टम बनाएंगे, जहां हेलीकॉप्टर की मैन्युफैक्चरिंग, असेंबली, ट्रेनिंग और दुनियाभर का सपोर्ट एक साथ मिलेगा। यह साझेदारी सिर्फ तकनीकी जानकारी के आदान-प्रदान तक सीमित नहीं है, बल्कि एक साझा उद्देश्य के लिए है।”

लियोनार्डो हेलीकॉप्टर्स के मैनेजिंग डायरेक्टर जियान पिएरो कुटिलो ने कहा कि भारत एयरोस्पेस और डिफेंस के लिए एक बड़ा और तेजी से बढ़ता हुआ बाजार है, और यहां की सेना की हेलीकॉप्टरों की मांग लगातार बढ़ रही है।

अडानी डिफेंस एंड एयरोस्पेस के CEO आशीष राजवंशी ने बताया कि भारतीय सेना अगले दस सालों में 1,000 से अधिक हेलीकॉप्टरों की आवश्यकता रख सकती है। इस साझेदारी के माध्यम से भारत में हेलीकॉप्टर निर्माण का सपना हकीकत में बदलने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बढ़ाया जाएगा।

उल्लेखनीय है कि इससे पहले अडानी डिफेंस ने देश में हवाई जहाज निर्माण की योजना की घोषणा कर चुकी है। अब हेलीकॉप्टर निर्माण के साथ ही भारत की रक्षा और नागरिक क्षेत्र की एविएशन क्षमताओं को और मजबूती मिलेगी।

Leave a Reply