Tuesday, February 3

मुंबईकरों के लिए चेतावनी: बीएमसी लागू करेगी भारी जुर्माने, थूकना और कचरा फैलाना पड़ा सकता है महंगा

मुंबई: देश की आर्थिक राजधानी मुंबई को साफ-सुथरा और स्वच्छ बनाए रखने के लिए बृहन्मुंबई महानगरपालिका (बीएमसी) ने नए नियम लागू कर दिए हैं। बीएमसी ने सोमवार को बताया कि सार्वजनिक स्थान पर थूकने पर 250 रुपये और कचरा फैलाने पर 500 रुपये तक का जुर्माना लगाया जाएगा। ये जुर्माने ठोस कचरा प्रबंधन उपविधि 2025 के तहत वसूले जाएंगे।

This slideshow requires JavaScript.

बीएमसी के प्रशासक भूषण गगराणी ने कहा कि नए नियम कचरा उत्पन्न करने वाले सभी व्यक्तियों और संस्थाओं पर लागू होंगे, चाहे वे सार्वजनिक हों या निजी। इसके तहत आवासीय, व्यावसायिक, औद्योगिक, शैक्षणिक, धार्मिक और सामाजिक सभी प्रकार के परिसर शामिल हैं।

बीएमसी ने जुर्माने की विस्तृत सूची जारी की है:

  • सार्वजनिक स्थान पर कचरा फेंकना – 500 रुपये

  • थूकना – 250 रुपये

  • सार्वजनिक स्थान पर स्नान – 300 रुपये

  • खुले में पेशाब – 500 रुपये

  • खुले में शौच – 500 रुपये

  • सार्वजनिक स्थानों पर जानवरों/पक्षियों को खाना खिलाना – 500 रुपये

  • सार्वजनिक स्थान पर बर्तन/कपड़े धोना – 300 रुपये

  • वाहन धोना – 500 रुपये

  • आंगन या परिसर साफ न रखना – 500 से 1,500 रुपये

  • कचरे का वर्गीकरण न करना – 200 रुपये (व्यक्तिगत), 1,000 रुपये (बड़े उत्पादक)

  • अनधिकृत स्थान पर निर्माण मलबा फेंकना – 20,000 रुपये प्रति वाहन

  • बिना अनुमति मलबे का परिवहन – 25,000 रुपये प्रति वाहन

  • सूखा कचरा अलग न करना – 200 रुपये

  • व्यावसायिक रूप से कचरा जलाना – 10,000 रुपये

  • पालतू जानवरों द्वारा गंदगी फैलाना – 1,000 रुपये

बीएमसी ने यह भी स्पष्ट किया कि यदि नगर निगम क्षेत्र में किसी सार्वजनिक कार्यक्रम के बाद चार घंटे के भीतर सफाई सुनिश्चित नहीं की गई, तो जमा की गई स्वच्छता राशि जब्त कर ली जाएगी। कुल मिलाकर, 21 प्रकार के उल्लंघनों पर सख्त दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी।

बीएमसी के इस कदम का उद्देश्य शहर को स्वच्छ और स्वस्थ बनाए रखना है। नए नियमों के तहत अब मुंबई में सफाई उल्लंघन पर कोई ढील नहीं दी जाएगी।

Leave a Reply