
शाहिद कपूर और तृप्ति डिमरी स्टारर फिल्म ‘ओ रोमियो’ की रिलीज़ से पहले ही विवाद सामने आ गया है। गैंगस्टर हुसैन उस्तरा की बेटी सनोबर शेख ने फिल्म पर रोक लगाने की मांग करते हुए मुंबई की सिविल कोर्ट में याचिका दायर की है।
सनोबर शेख का दावा है कि फिल्म उनके दिवंगत पिता की अनऑथराइज्ड बायोग्राफी है और इसमें उनके पिता को गलत तरीके से दर्शाया गया है। याचिका में फिल्म के निर्माता साजिद नाडियाडवाला, निर्देशक विशाल भारद्वाज और लेखक हुसैन जैदी को शामिल किया गया है। कोर्ट में इस पर 6 फरवरी को सुनवाई होगी।
फिल्म हुसैन जैदी की किताब ‘माफिया क्वींस ऑफ मुंबई’ पर आधारित है। शाहिद कपूर फिल्म में हुसैन उस्तरा का किरदार निभा रहे हैं। फिल्म को 13 फरवरी को सिनेमाघरों में रिलीज़ किया जाना है।
मेकर्स ने हाल ही में फिल्म का नया गाना ‘इश्क का फीवर’ रिलीज़ किया, जिसे अरिजीत सिंह ने आवाज़ दी है। गाने में शाहिद और तृप्ति डिमरी की केमिस्ट्री दर्शकों का ध्यान खींच रही है। गाना टी-सीरीज के यूट्यूब चैनल पर उपलब्ध है और वैलेंटाइन वीक के लिए परफेक्ट बताया जा रहा है।
फिल्म में शाहिद कपूर के अलावा अविनाश तिवारी, नाना पाटेकर, तमन्ना भाटिया और फरीदा जलाल जैसी प्रमुख हस्तियां भी हैं। फिल्म का दूसरा गाना ‘हम तो तेरे ही लिए’ हाल ही में रिलीज़ हुआ है, जिसमें हुसैन उस्तरा और सपना (तृप्ति डिमरी) के बीच रोमांस दिखाया गया है।