Monday, February 2

बजट 2026 पर टेक इंडस्ट्री की राय: ‘घोषणा से ज्यादा उसे लागू करने पर हो ध्यान’

नई दिल्ली: केंद्रीय बजट 2026 पेश होने के बाद टेक इंडस्ट्री के दिग्गजों ने प्रतिक्रिया दी है। लावा, एलजी, टेक्नो और SPPL जैसे कंपनियों के अधिकारियों ने बजट को सकारात्मक बताया, लेकिन जोर घोषणाओं से ज्यादा उनके लागू होने पर देने की सलाह दी।

This slideshow requires JavaScript.

‘समय पर लागू हों तो मिलेगा फायदा’
लावा इंटरनेशनल के सीएमओ और चीफ मैन्युफैक्चरिंग ऑफिसर संजीव अग्रवाल ने कहा कि इलेक्ट्रॉनिक्स कंपोनेंट मैन्युफैक्चरिंग स्कीम (ECMS) का दायरा बढ़ाकर 40 हजार करोड़ करना भारत के इलेक्ट्रॉनिक्स मैन्युफैक्चरिंग इकोसिस्टम को मजबूत करने की दिशा में अच्छा कदम है। उन्होंने कहा, “फायदा तभी मिलेगा जब जरूरी इंफ्रास्ट्रक्चर समय पर तैयार हो और नीति लागू हो।”

‘सबको साथ लेकर चलने वाला बजट’
भारती एंटरप्राइजेज के सुनील भारती मित्तल ने बजट को साहसिक और समावेशी बताया। उन्होंने कहा कि स्किलिंग, साइंस, इनोवेशन और रिसर्च में निवेश समय पर किया जाना चाहिए, जिससे घरेलू क्षमताएं मजबूत हों और इंपोर्ट सब्स्टीट्यूशन को बढ़ावा मिले।

‘सप्लाई चेन होगी मजबूत’
एलजी इलेक्ट्रॉनिक्स इंडिया के को-सीएसएमओ संजय चितकारा ने कहा कि बजट भारत की ग्लोबल हाई-टेक मैन्युफैक्चरिंग हब बनने की महत्वाकांक्षा को मजबूत करता है। ड्यूटी में छूट, MSME के लिए फंडिंग और बेहतर इंफ्रास्ट्रक्चर जैसे कदम सप्लाई चेन को मज़बूत करेंगे और इंडस्ट्री की प्रतिस्पर्धा बढ़ाएंगे।

‘स्मार्टफोन इंडस्ट्री को फायदा’
टेक्नो इंडिया के सीईओ अरिजीत तालापात्रा ने कहा कि देश सेमीकंडक्टर और इलेक्ट्रॉनिक्स क्षमताओं को बढ़ा रहा है। इससे बड़े पैमाने पर रोजगार के अवसर खुलेंगे। सेमीकंडक्टर मिशन 2.0 और मजबूत सप्लाई चेन स्मार्टफोन उद्योग और अफॉर्डेबल इनोवेशन को लंबे समय तक संभव बनाएंगे।

‘घोषणा से ज्यादा उसे लागू करने पर ध्यान दें’
SPPL के सीईओ अवनीत सिंह मारवाह ने कहा कि भारत को दुनिया से मुकाबला करना है, इसलिए घोषणाओं से हटकर उन्हें लागू करने पर ध्यान देना जरूरी है। डिजाइन-लिंक्ड इंसेंटिव्स और कंपोनेंट लोकलाइजेशन जैसी पहलें वैल्यू चेन को आगे बढ़ाने के लिए अहम हैं।

टेक इंडस्ट्री के विशेषज्ञों का मानना है कि बजट में घोषणाओं का महत्व कम नहीं, लेकिन उनका समय पर और सही ढंग से क्रियान्वयन देश की तकनीकी क्षमताओं को नए स्तर पर ले जाएगा।

Leave a Reply