Monday, February 2

8K टीवी का अंत? LG ने बंद किया प्रोडक्शन, क्या आम घरों में फिर नहीं दिखेंगे सुपर-शार्प डिस्प्ले वाले टीवी

नई दिल्ली: LG ने अपने 8K OLED और LCD टीवी का प्रोडक्शन बंद कर दिया है। इससे पहले TCL और Sony भी 8K टीवी की रेस से बाहर हो चुके हैं। ऐसे में सवाल उठता है कि क्या 8K टीवी अब आम घरों में कभी नहीं दिखेंगे।

This slideshow requires JavaScript.

क्यों लिया LG ने यह कदम
LG पिछले साल ही अपना Z3 मॉडल बंद कर चुका था। इस साल कंपनी ने नया 8K टीवी लाइन-अप पेश नहीं किया। LG ने साफ कहा है कि बाजार की हालत ठीक होने तक 8K पैनल नहीं बनाए जाएंगे। इस दिशा में अब केवल सैमसंग ही बचा है, लेकिन उसकी भी दिलचस्पी कम होती दिख रही है।

कंटेंट की कमी सबसे बड़ी वजह
किसी भी टेक्नोलॉजी का फायदा तभी होता है जब उसे इस्तेमाल किया जा सके। 8K टीवी की सबसे बड़ी चुनौती थी कि उसे सपोर्ट करने वाला कंटेंट मार्केट में उपलब्ध नहीं था। आज भी नेटफ्लिक्स, अमेज़न और यूट्यूब पर प्रीमियम कंटेंट अधिकतम 4K में उपलब्ध है, न कि 8K में। इसलिए लोग लाखों खर्च करके 8K टीवी खरीदने की बजाय 4K टीवी लेना बेहतर समझते थे

4K ने 8K को पीछे छोड़ा
दरअसल 8K टीवी की जरूरत आम घरों में महसूस नहीं होती। आम घरों में देखने की दूरी और आंखों की क्षमता के हिसाब से 4K और 8K के बीच फर्क महसूस नहीं किया जा सकता। इसके अलावा 8K टीवी में बिजली और इंटरनेट खर्च भी ज्यादा आता था। इन कारणों से 4K टीवी की लोकप्रियता ने 8K टेक्नोलॉजी को पीछे छोड़ दिया।

क्या अब आम घरों में 8K टीवी नहीं मिलेंगे?
ऐसा संभव है कि आम घरों और लिविंग रूम के लिए 8K टीवी का दौर खत्म हो जाए। लेकिन यह टेक्नोलॉजी पूरी तरह से खत्म नहीं होगी। प्रोफेशनल मॉनिटर्स और सैमसंग की ‘The Wall’ जैसी विशाल स्क्रीन में 8K की जरूरत बनी रहेगी। आम ग्राहकों के लिए टीवी का भविष्य बेहतर कलर्स और ब्राइटनेस वाले 4K टीवी में है।

Leave a Reply