
औरंगाबाद। सोशल मीडिया पर दबदबा दिखाने और ‘भौकाल’ बनाने की कोशिश दो युवकों को भारी पड़ गई। इंस्टाग्राम पर अवैध हथियार के साथ रील पोस्ट करना उनकी बड़ी भूल साबित हुआ और यह शौक उन्हें सलाखों के पीछे ले गया। वायरल वीडियो का संज्ञान लेते हुए फेसर थाना पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दो युवकों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया।
पुलिस ने आरोपियों के पास से एक देसी कट्टा और घटना में इस्तेमाल किया गया मोबाइल फोन भी बरामद किया है। यह मामला सोशल मीडिया पर हथियारों के खुले प्रदर्शन पर पुलिस की सख्त निगरानी और कार्रवाई का ताजा उदाहरण है।
हथियार लहराते वीडियो से खुला मामला
पुलिस के अनुसार, शनिवार को फेसर थानाध्यक्ष वर्षा कुमारी को सूचना मिली थी कि थाना क्षेत्र के एक युवक ने सोशल मीडिया पर हथियार लहराते हुए वीडियो अपलोड किया है। सूचना की पुष्टि होते ही पुलिस टीम ने तत्काल कार्रवाई करते हुए फेसरा गांव में छापेमारी की और रौशन कुमार नामक युवक को हिरासत में लिया।
पूछताछ के दौरान रौशन कुमार ने बताया कि वीडियो में दिखाई दे रहा हथियार उसके साथी गोल्डन कुमार का है। इसके बाद पुलिस ने पोखराहा गांव में छापेमारी कर गोल्डन कुमार को भी हिरासत में ले लिया। पूछताछ में गोल्डन कुमार ने हथियार छुपाकर रखने की बात स्वीकार की, जिसके बाद उसकी निशानदेही पर पोखराहा बधार से एक देसी कट्टा बरामद किया गया।
आपराधिक इतिहास की जांच जारी
गिरफ्तार युवकों की पहचान फेसरा गांव निवासी रौशन कुमार और पोखराहा गांव निवासी गोल्डन कुमार के रूप में की गई है। पुलिस दोनों आरोपियों के आपराधिक इतिहास की भी जांच कर रही है।
इस संबंध में प्रशिक्षु पुलिस उपाधीक्षक ज्योति कुमारी ने कहा कि सोशल मीडिया पर हथियार के साथ वीडियो पोस्ट करना गंभीर अपराध है। ऐसे मामलों में किसी भी तरह की लापरवाही नहीं बरती जाएगी।
आर्म्स एक्ट में मामला दर्ज, न्यायिक हिरासत
पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत प्राथमिकी दर्ज कर उन्हें न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि पुलिस सोशल मीडिया गतिविधियों पर लगातार नजर रखे हुए है और अवैध हथियारों के खिलाफ सख्त कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।
इस कार्रवाई में एसआई राजकुमार यादव, दिग्विजय सिंह सहित अन्य सशस्त्र बल के जवान शामिल रहे।