
रांची, 27 जनवरी 2026: पूर्व भारतीय कप्तान महेंद्र सिंह धोनी अब सभी अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से रिटायर हो चुके हैं और केवल आईपीएल में खेल रहे हैं। ऐसे में अगले सीजन IPL 2026 से पहले उनकी प्रैक्टिस पर विशेष ध्यान है। रांची के झारखंड स्टेट क्रिकेट एसोसिएशन स्टेडियम (JSCA Stadium) में धोनी ने नेट्स पर जमकर पसीना बहाया।
चेन्नई सुपर किंग्स (CSK) ने इंस्टाग्राम पर वीडियो शेयर किया है, जिसमें धोनी डिफेंस, बैकफुट पंच और लेग ग्लांस जैसे शॉट्स खेलते दिख रहे हैं। हर गेंद उनके बल्ले के मिडिल में लग रही है, जिससे साफ है कि उनके रिफ्लेक्सेस अब भी पहले की तरह तेज और शार्प हैं। CSK ने इसे कैप्शन दिया, “हर बार उन्हें बैटिंग करते हुए देखना दावत जैसा है। सुपर फैंस आप जानते हैं ये कौन सा समय है?”
पिछले सीजन की झलक:
CSK पिछले आईपीएल सीजन में 14 मैचों में केवल 4 जीत के साथ अंक तालिका में सबसे नीचे रही थी। धोनी ने 13 पारियों में 196 रन बनाए थे, औसत 24.50 और स्ट्राइक रेट 135.17 का। रुतुराज गायकवाड़ की चोट के बाद धोनी ने टीम की कप्तानी भी संभाली थी। अपने आईपीएल करियर में धोनी अब तक 278 मैचों की 242 पारियों में 5,439 रन बना चुके हैं, जिसमें 38.80 की औसत, 137.45 का स्ट्राइक रेट और 24 फिफ्टी शामिल हैं। उनका टॉप स्कोर 84 रन रहा है।
छठे आईपीएल खिताब की तलाश:
चेन्नई सुपरकिंग्स ने अब तक पांच बार आईपीएल खिताब जीता है। इस बार टीम अपने छठे खिताब की ओर नजर रखे हुए है। राजस्थान रॉयल्स से विकेटकीपर-बल्लेबाज संजू सैमसन को शामिल किया गया है। कप्तान रुतुराज गायकवाड़ घरेलू क्रिकेट में शानदार फॉर्म में हैं। टीम में डेवाल्ड ब्रेविस, आयुष महात्रे, उर्विल पटेल जैसे युवा खिलाड़ियों से भी बेहतरीन प्रदर्शन की उम्मीद है।
आईपीएल ऑक्शन में टीम ने प्रशांत वीर और कार्तिक शर्मा को 14.20-14.20 करोड़ रुपये में खरीदा, जो इतिहास के सबसे महंगे अनकैप्ड प्लेयर बन गए हैं। चेन्नई सुपरकिंग्स अब इस नई टीम के साथ आईपीएल 2026 में धमाका करने को तैयार है।