Saturday, January 24

IND vs NZ: टी20 अंतरराष्ट्रीय का सबसे महंगा तीन ओवर का स्पेल, टीम इंडिया ने जैक फाउल्क्स को किया बेबस

रायपुर।
भारतीय बल्लेबाजों के आक्रामक खेल के सामने न्यूजीलैंड के गेंदबाज पूरी तरह बेबस नजर आए। टी20 सीरीज के दूसरे मुकाबले में जहां भारत ने 209 रनों का लक्ष्य महज 16 ओवर में हासिल कर लिया, वहीं यह मैच न्यूजीलैंड के तेज गेंदबाज जैक फाउल्क्स के लिए एक ऐसा रिकॉर्ड छोड़ गया, जिसे वे शायद कभी याद नहीं करना चाहेंगे।

This slideshow requires JavaScript.

जैक फाउल्क्स ने इस मुकाबले में अपने तीन ओवरों में 67 रन लुटा दिए। यह टी20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट इतिहास का सबसे महंगा तीन ओवर का स्पेल है। इसके साथ ही उन्होंने न्यूजीलैंड के लिए भी एक अनचाहा रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया।

इससे पहले यह रिकॉर्ड सर्बिया के अलेक्जेंडर डिजिजा के नाम था, जिन्होंने 2022 में बुल्गारिया के खिलाफ तीन ओवर में 63 रन खर्च किए थे। वहीं, दक्षिण अफ्रीका के लिजार्ड विलियम्स ने 2025 में इंग्लैंड के खिलाफ तीन ओवर में 62 रन दिए थे। ओवरऑल टी20 क्रिकेट की बात करें तो फाउल्क्स से अधिक रन केवल एक ही गेंदबाज ने खर्च किए हैं—2025 के टी20 ब्लास्ट में नॉर्थम्पटनशायर के लियाम गुथरी ने तीन ओवर में 68 रन दिए थे।

फाउल्क्स पर भारतीय बल्लेबाजों का कहर शुरू से ही टूट पड़ा। अपने पहले ओवर में उन्होंने 24 रन दिए, जिसमें ईशान किशन ने तीन चौके और एक छक्का जड़ा। दूसरे ओवर में सूर्यकुमार यादव ने उनकी जमकर धुनाई करते हुए चार चौके और एक छक्का लगाया और इस ओवर से 25 रन बटोरे। तीसरे और अंतिम ओवर में भी भारतीय बल्लेबाज नहीं रुके और 18 रन ठोक दिए। इस ओवर में भी सूर्यकुमार यादव के बल्ले से दो चौके और एक छक्का निकले।

टी20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में यह न्यूजीलैंड के किसी भी गेंदबाज का अब तक का सबसे महंगा स्पेल है। इससे पहले यह रिकॉर्ड बेन व्हीलर के नाम था, जिन्होंने 2018 में ऑकलैंड में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ 3.1 ओवर में 64 रन दिए थे। छह साल बाद यह रिकॉर्ड टूट गया।

फाउल्क्स के लिए दुर्भाग्य यहीं खत्म नहीं हुआ। अपने अंतिम ओवर में उनके पास सूर्यकुमार यादव का विकेट लेने का सुनहरा मौका था, लेकिन कप्तान मिचेल सेंटनर ने आसान कैच टपका दिया। इसके बाद सूर्या ने मौका नहीं गंवाया और मैच को पूरी तरह भारत के पक्ष में मोड़ दिया।

इस ऐतिहासिक बल्लेबाजी प्रदर्शन के दम पर भारत ने न्यूजीलैंड को 7 विकेट से हराकर पांच मैचों की सीरीज में 2-0 की बढ़त बना ली।

 

Leave a Reply