
झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने यूनाइटेड किंगडम की संसदीय अवर सचिव (समानता एवं इंडो-पैसिफ़िक मामलों की मंत्री) सीमा मल्होत्रा से लंदन में मुलाकात की। इस दौरान शिक्षा, कौशल विकास, उत्तरदायी खनन, जलवायु परिवर्तन, संस्कृति और विरासत संरक्षण जैसे क्षेत्रों में झारखंड–यूके सहयोग को नई दिशा देने पर चर्चा हुई।
ओवरसीज स्कॉलरशिप का सकारात्मक उदाहरण
यूके सरकार ने झारखंड की मरांग गोमके जयपाल मुंडा ओवरसीज स्कॉलरशिप और चेवनिंग स्कॉलरशिप की सराहना की, जिन्हें भारत-यूके साझेदारी का सशक्त उदाहरण बताया गया। पिछले चार वर्षों में इन योजनाओं के माध्यम से 100 से अधिक विद्यार्थियों ने लाभ उठाया है। दोनों पक्षों ने विदेश अध्ययन को मेंटोरशिप, इंटर्नशिप, नेतृत्व विकास और सार्वजनिक सेवा अनुभव से जोड़ने की योजना पर काम करने में रुचि दिखाई।
संस्थागत साझेदारी और शैक्षणिक कार्यक्रम
बैठक में यूके के प्रमुख विश्वविद्यालयों और कौशल संस्थानों के साथ खनन प्रौद्योगिकी, पर्यावरण, डेटा और एआई, गवर्नेंस एवं सार्वजनिक नीति जैसे क्षेत्रों में संयुक्त शैक्षणिक कार्यक्रम, फैकल्टी एक्सचेंज, एप्लाइड रिसर्च, टीवीईटी और अप्रेंटिसशिप मार्गों की संभावनाओं पर भी चर्चा हुई।
उत्तरदायी खनन और जलवायु सहयोग
मुख्यमंत्री ने उत्तरदायी खनन के क्षेत्र में यूके की क्षमताओं के साथ घनिष्ठ सहयोग का प्रस्ताव रखा। इसमें ईएसजी सिस्टम, मिनरल ट्रेसेब्लिटी, खदान सुरक्षा, स्वच्छ प्रसंस्करण और प्रौद्योगिकी प्रदर्शन शामिल हैं। इसके तहत झारखंड–यूके वर्किंग ट्रैक स्थापित करने पर भी विचार किया गया, जो मानक, अनुसंधान, नवाचार और आपूर्ति-श्रृंखला साझेदारी को सुदृढ़ करेगा।
“जस्ट ट्रांज़िशन” कार्यक्रमों के लिए झारखंड चयनित
बैठक में कोयला क्षेत्रों के विविधीकरण, जलवायु अनुकूलन और श्रमिकों एवं समुदायों के समर्थन हेतु ट्रांजिशन फाइनेंस संरचना विकसित करने की संभावनाओं पर चर्चा हुई। झारखंड को “जस्ट ट्रांज़िशन” कार्यक्रमों के लिए पायलट राज्य के रूप में चयनित करने का निर्णय लिया गया।
संस्कृति, खेल और विरासत संरक्षण
मुख्यमंत्री ने भारत–यूके विरासत संरक्षण समझौते के तहत झारखंड के मेगालिथ और मोनोलिथ स्थलों के संरक्षण में यूके सहयोग का आग्रह किया। उन्होंने दीर्घकालिक यूनेस्को मान्यता प्राप्त करने के प्रयासों में स्टोनहेंज जैसे उदाहरणों का उल्लेख किया।
भ्रमण और आमंत्रण
मंत्री सीमा मल्होत्रा ने मुख्यमंत्री को झारखंड भ्रमण का आमंत्रण दिया, जिसे उन्होंने स्वीकार किया। इसके अलावा मुख्यमंत्री को फ़ॉरेन, कॉमनवेल्थ एंड डेवलपमेंट ऑफिस मुख्यालय का अवलोकन कराया गया। मंत्री मल्होत्रा ने मुख्यमंत्री को यूके के मेगालिथिक और मोनोलिथिक स्थल स्टोनहेंज के भ्रमण का भी आमंत्रण दिया।