Friday, January 23

रायपुर में रिंकू सिंह के पास इतिहास रचने का मौका, एमएस धोनी का रिकॉर्ड टूटने की दहलीज पर

नई दिल्ली। भारत और न्यूजीलैंड के बीच जारी पांच मैचों की टी20 सीरीज का दूसरा मुकाबला शुक्रवार, 23 जनवरी को रायपुर के शहीद वीर नारायण सिंह अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम में खेला जाएगा। नागपुर में खेले गए पहले टी20 मुकाबले में भारत ने शानदार प्रदर्शन करते हुए न्यूजीलैंड को 48 रन से मात दी थी। अब रायपुर में होने वाले मैच में टीम इंडिया के युवा बल्लेबाज रिंकू सिंह के पास इतिहास रचने का सुनहरा अवसर है।

This slideshow requires JavaScript.

पहले टी20 में टॉस हारकर बल्लेबाजी करते हुए भारत ने न्यूजीलैंड के सामने 239 रन का विशाल लक्ष्य रखा था और इसके बाद कीवी टीम को 190 रन पर समेट दिया। इस मुकाबले में रिंकू सिंह ने विस्फोटक बल्लेबाजी करते हुए अपनी उपयोगिता एक बार फिर साबित की थी।

20वें ओवर में धोनी का रिकॉर्ड खतरे में

भारत के लिए टी20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में 20वें ओवर में सबसे ज्यादा छक्के लगाने का रिकॉर्ड हार्दिक पंड्या के नाम दर्ज है, जिन्होंने अब तक 15 छक्के लगाए हैं। इस सूची में दूसरे स्थान पर संयुक्त रूप से एमएस धोनी और रिंकू सिंह हैं। दोनों के नाम 12-12 छक्के दर्ज हैं।

ऐसे में अगर रायपुर में न्यूजीलैंड के खिलाफ होने वाले दूसरे टी20 मैच के 20वें ओवर में रिंकू सिंह एक भी छक्का जड़ देते हैं, तो वह इस मामले में महेंद्र सिंह धोनी को पीछे छोड़ देंगे और भारत के लिए 20वें ओवर में सर्वाधिक छक्के लगाने वाले दूसरे बल्लेबाज बन जाएंगे।

पहले टी20 में दिखा रिंकू का दम

नागपुर टी20 में रिंकू सिंह ने 220 के स्ट्राइक रेट से बल्लेबाजी करते हुए 20 गेंदों में नाबाद 44 रन बनाए थे। उनकी इस पारी में चार चौके और दो छक्के शामिल थे। खास बात यह रही कि उन्होंने 20वें ओवर में दो गगनचुंबी छक्के लगाकर टीम के स्कोर को मजबूत आधार दिया।

लगातार प्रभावशाली रहा है रिंकू का करियर

28 वर्षीय रिंकू सिंह ने वर्ष 2023 में भारत के लिए वनडे और टी20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में पदार्पण किया था। अब तक वह भारत के लिए 2 वनडे और 36 टी20 अंतरराष्ट्रीय मुकाबले खेल चुके हैं। वनडे में उनके नाम 55 रन दर्ज हैं, जबकि टी20 इंटरनेशनल में उन्होंने 165 के स्ट्राइक रेट से बल्लेबाजी करते हुए 594 रन बनाए हैं। इस दौरान उन्होंने तीन अर्धशतक भी जड़े हैं।

रायपुर के मैदान पर एक और विस्फोटक पारी खेलकर रिंकू सिंह न सिर्फ टीम इंडिया को सीरीज में बढ़त दिला सकते हैं, बल्कि पूर्व कप्तान एमएस धोनी का एक बड़ा रिकॉर्ड भी अपने नाम कर सकते हैं।

 

Leave a Reply