Thursday, May 14

This slideshow requires JavaScript.

अयोध्या: महंत नृत्य गोपाल दास की तबीयत बिगड़ी, मेदांता अस्पताल में भर्ती

 

This slideshow requires JavaScript.

 

अयोध्या। श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के अध्यक्ष महंत नृत्य गोपाल दास की तबीयत अचानक गंभीर रूप से बिगड़ गई है। उन्हें प्राथमिक उपचार के बाद लखनऊ के मेदांता अस्पताल रेफर किया गया है।

 

सूत्रों के अनुसार, महंत नृत्य गोपाल दास ने पिछले 36 घंटों से कुछ भी नहीं खाया था। लगातार उल्टी और दस्त की वजह से उनकी हालत गंभीर हो गई। इसके बाद उन्हें अयोध्या के सरकारी श्रीराम अस्पताल के सेवानिवृत्त डॉक्टर एसके पाठक के पास लाया गया, जिन्होंने उनकी प्राथमिक जाँच की। हालात में सुधार न होने पर डॉक्टरों ने उन्हें विशेषज्ञ देखरेख में इलाज के लिए लखनऊ स्थित मेदांता अस्पताल रेफर किया।

 

मणिराम छावनी मठ के उत्तराधिकारी महंत कमलनयन दास महंत नृत्य गोपाल दास के साथ मेदांता अस्पताल के लिए रवाना हुए। महंत नृत्य गोपाल दास की अचानक स्वास्थ्य बिगड़ने की खबर से उनके अनुयायियों में चिंता की लहर दौड़ गई है।

 

महंत नृत्य गोपाल दास श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के अध्यक्ष हैं। इससे पहले वे कृष्णभूमि ट्रस्ट के अध्यक्ष भी रह चुके हैं। मथुरा के ब्राह्मण परिवार में जन्मे महंत ने प्रारंभिक शिक्षा मथुरा से प्राप्त की और बाद में सांसारिक जीवन त्याग कर धर्म और आध्यात्म की राह अपनाई। उन्होंने अयोध्या में राम मंदिर आंदोलन और निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाई है।

 

अस्पताल के अधिकारी यशपाल सिंह ने बताया कि मेदांता अस्पताल में महंत नृत्य गोपाल दास का इलाज विशेषज्ञ डॉक्टरों की देखरेख में किया जा रहा है और उनकी स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है।

Leave a Reply