
नई दिल्ली, 20 जनवरी 2026 – भारतीय जनता पार्टी के नए राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन के शपथ ग्रहण समारोह के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कांग्रेस पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कांग्रेस पर घुसपैठियों का समर्थन करने, नॉर्थ ईस्ट की अनदेखी करने और लोकतंत्र को कमजोर करने के आरोप लगाए।
प्रधानमंत्री मोदी ने गांधी परिवार पर सीधा हमला करते हुए कहा कि “यह परिवार लोकतंत्र के लिए खतरा बन गया है।” उन्होंने कहा कि कांग्रेस अपने पतन की समीक्षा इसलिए नहीं करती क्योंकि सच्चाई उसी परिवार की ओर इशारा करती है जिसने पार्टी पर कब्जा कर रखा है।
घुसपैठियों पर सख्त रुख
पीएम मोदी ने कहा, “आज देश के सामने सबसे बड़ी चुनौती घुसपैठियों की है। दुनिया के समर्थ देश भी घुसपैठियों की पहचान कर उन्हें बाहर निकाल रहे हैं। भारत भी अपने गरीबों और युवाओं का हक घुसपैठियों को लूटने नहीं देगा। घुसपैठिए देश की सुरक्षा के लिए बड़ा खतरा हैं और उनकी पहचान कर उन्हें उनके देश वापस भेजना जरूरी है।”
उन्होंने उन राजनीतिक दलों पर भी निशाना साधा जो वोट बैंक की राजनीति में घुसपैठियों को संरक्षण दे रहे हैं। मोदी ने कहा, “ऐसे दलों को जनता के सामने पूरी ताकत से बेनकाब किया जाना चाहिए।”
‘100 सीटों के लिए तरस गई कांग्रेस’
कांग्रेस के पतन का जिक्र करते हुए प्रधानमंत्री ने कहा, “आज देश को याद भी नहीं होगा कि 1984 में कांग्रेस को 400 से ज्यादा सीटें मिली थीं और करीब 50 प्रतिशत वोट मिले थे। लेकिन आज वही कांग्रेस 100 सीटों के लिए तरस गई है।”
उन्होंने कहा कि कांग्रेस अपने इस पतन की आत्ममंथन नहीं करती क्योंकि सच्चाई सामने आने पर गांधी परिवार पर सवाल खड़े हो जाएंगे।
आदिवासियों के लिए भाजपा की योजनाएं
प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि दशकों तक आदिवासी समाज को सिर्फ वोट बैंक माना गया, लेकिन भाजपा सरकार ने सबसे पिछड़ी जनजातियों की पीड़ा को समझते हुए उनके विकास के लिए पीएम-जनमन योजना शुरू की।
भाजपा संगठन पर्व की सराहना
भाजपा के संगठनात्मक ढांचे पर बोलते हुए पीएम मोदी ने कहा, “पार्टी की छोटी इकाई से लेकर राष्ट्रीय अध्यक्ष के चुनाव तक पूरी प्रक्रिया शत-प्रतिशत लोकतांत्रिक तरीके से, भाजपा के संविधान की भावना के अनुरूप चली। संगठन पर्व का यह आयोजन भाजपा की लोकतांत्रिक आस्था, संगठनात्मक अनुशासन और कार्यकर्ता-केंद्रित सोच का प्रतीक है।”
वरिष्ठ नेताओं को किया याद
पीएम मोदी ने अटल बिहारी वाजपेयी, लालकृष्ण आडवाणी और मुरली मनोहर जोशी का उल्लेख करते हुए कहा, “इन नेताओं के नेतृत्व में भाजपा ने शून्य से शिखर तक का सफर तय किया।”
उन्होंने कहा कि वेंकैया नायडू, नितिन गडकरी और राजनाथ सिंह के नेतृत्व में पार्टी को मजबूती मिली और अमित शाह व जे.पी. नड्डा के कार्यकाल में भाजपा ने राज्यों से लेकर केंद्र तक अपनी पकड़ और मजबूत की।