
नई दिल्ली। राजधानी दिल्ली से एक बार फिर महिलाओं की सुरक्षा को लेकर गंभीर मामला सामने आया है। दोस्त की शादी में शामिल होने आई अमेरिकी युवती ने आरोप लगाया कि दिल्ली मेट्रो में यात्रा के दौरान एक 14 वर्षीय किशोर ने उसके साथ यौन उत्पीड़न किया। पीड़िता के अनुसार, यह घटना खचाखच भीड़ वाले मेट्रो स्टेशन पर हुई और उसके पूरे भारत भ्रमण के अनुभव को झकझोर कर रख दिया।
अमेरिका के न्यू जर्सी स्थित स्टीवंस इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी में कार्यरत भारतीय मूल के प्रोफेसर गौरव सबनीस ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर बताया कि पीड़िता उनकी पूर्व छात्रा हैं। भारत भ्रमण से पहले उन्होंने छात्रा को विशेष रूप से दिल्ली में सतर्क रहने की सलाह दी थी, क्योंकि गोरी महिला होने के कारण वह आसानी से टारगेट हो सकती थी। दुर्भाग्यवश उनकी चेतावनी सही साबित हुई।
पीड़िता ने बताया कि मेट्रो स्टेशन पर किशोर ने अपनी मां और बहन की मौजूदगी में उससे सेल्फी लेने का अनुरोध किया। सहमति देने के कुछ ही क्षण बाद किशोर ने अशोभनीय हरकत की। विरोध करने पर पीड़िता ने किशोर को धक्का दिया, लेकिन इसके बाद किशोर की मां ने बेटे का बचाव करते हुए महिला पर ही नाराज़गी जताई। मां ने कहा कि उसका बेटा पहले कभी किसी गोरी महिला के इतने करीब नहीं आया था।
घटना से आहत अमेरिकी युवती ने कहा कि उसे भारत बहुत पसंद आया, लेकिन इस अनुभव के बाद वह न तो भारत और न ही पूरे दक्षिण एशिया में लौटना चाहेंगी। उन्होंने कहा, “मुझे समझ में आया कि प्रोफेसर ने पहले क्यों चेतावनी दी थी। भारतीय महिलाओं के लिए यह स्थिति बेहद दुखद है। क्या यही उनका रोजमर्रा का जीवन है?”