Thursday, May 14

This slideshow requires JavaScript.

T20 वर्ल्ड कप 2026 विवाद: बीसीबी ने क्रिकेटरों से माफी मांगी, नजमुल इस्लाम को कारण बताओ नोटिस

 

This slideshow requires JavaScript.

 

T20 वर्ल्ड कप 2026 को लेकर भारत और बांग्लादेश के बीच चल रहे विवाद में बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड (BCB) ने आखिरकार अपनी चुप्पी तोड़ी है। बीसीबी ने अपने डायरेक्टर एम. नजमुल इस्लाम के विवादित ‘इंडिया एजेंट’ कमेंट पर बांग्लादेशी क्रिकेटरों से माफी मांगी है। साथ ही उन्हें इस मामले में कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है।

 

हालांकि, क्रिकेटरों की संस्था CWAB ने नजमुल इस्लाम के इस्तीफा देने तक बायकॉट जारी रखने का ऐलान किया है। इसके चलते गुरुवार सुबह ढाका क्रिकेट लीग के चारों मैच शुरू नहीं हो पाए और शाम को होने वाले बांग्लादेश प्रीमियर लीग (BPL) मैचों पर भी संकट छा गया।

 

बांग्लादेश और भारत के बीच विवाद उस समय बढ़ा जब मुस्तफिजुर रहमान को IPL से निष्कासित करने के बाद बीसीबी ने टी20 वर्ल्ड कप 2026 के मैच भारत से शिफ्ट करने की मांग की थी। इंटरनेशनल क्रिकेट काउंसिल (ICC) ने फिलहाल यह मांग अस्वीकार कर दी। इस मुद्दे पर कई बांग्लादेशी क्रिकेटरों ने बयान दिए, जिनके बाद नजमुल इस्लाम ने पूर्व कप्तान तमीम इकबाल और अन्य खिलाड़ियों को ‘इंडिया एजेंट’ कहकर पुकारा, जिससे क्रिकेटरों में आक्रोश फैल गया।

 

बीसीबी ने अपने बयान में कहा, “हम नजमुल इस्लाम के उस कमेंट पर खेद व्यक्त करते हैं, जो अनुचित, आक्रामक और दिल दुखाने वाला प्रतीत हो सकता है। यह बोर्ड की आधिकारिक नीति या मूल्य और आदर्शों के खिलाफ है। किसी भी व्यक्ति का बयान उसका निजी विचार होगा और इसे बोर्ड की नीति नहीं माना जा सकता।”

 

नजमुल इस्लाम को उनके बयान के लिए 48 घंटे के अंदर जवाब देने को कहा गया है। बीसीबी अधिकारियों का कहना है कि यदि इस्लाम अपने पदों से इस्तीफा देते हैं, तो क्रिकेटरों का बायकॉट खत्म हो सकता है।

 

फिलहाल, CWAB ने साफ कहा है कि नजमुल इस्लाम के सभी पदों से इस्तीफा देने तक बायकॉट जारी रहेगा। रिपोर्ट्स के मुताबिक, ढाका क्रिकेट लीग की फर्स्ट डिविजन के चार मैच शुरू नहीं हो पाए हैं और गुरुवार शाम को होने वाला BPL मैच भी संकट में है। बीसीबी के अधिकारी क्रिकेटरों को मनाने में जुटे हुए हैं।

 

Leave a Reply