
नई दिल्ली: अब घर बैठे ही कानूनी मदद पाना आसान हो गया है। भारत सरकार ने अपनी डिजिटल पहल ‘न्याय सेतु’ को WhatsApp पर उपलब्ध करवा दिया है। इसके जरिए आम नागरिक बिना किसी झंझट के मुफ्त में कानूनी सलाह, जानकारी और सहायता प्राप्त कर सकते हैं।
इस सुविधा का इस्तेमाल करने के लिए आपको किसी ऐप को डाउनलोड करने या वेबसाइट पर जाने की आवश्यकता नहीं है। बस WhatsApp पर 7217711814 नंबर पर Hi या Hello मैसेज भेजना होगा। इसके बाद आपको तीन विकल्प दिखाई देंगे – कानूनी सलाह, कानूनी जानकारी और कानूनी सहायता। अपनी जरूरत के अनुसार कोई भी विकल्प चुनकर आप घर बैठे फ्री कानूनी सेवाओं का लाभ उठा सकते हैं।
‘न्याय सेतु’ अगस्त 2024 में शुरू की गई थी और अब WhatsApp के जरिए इसे और भी आसान बनाया गया है। कानून और न्याय मंत्रालय ने ट्वीट के माध्यम से बताया कि इस नई सुविधा से हर नागरिक को सुरक्षित और प्रोफेशनल कानूनी सहायता जल्दी उपलब्ध होगी।
इस स्मार्ट डिजिटल प्लेटफॉर्म से आप अपने कोर्ट केस की स्थिति, सरकारी कानूनी योजनाएं और न्याय से जुड़े सवालों के जवाब भी आसानी से प्राप्त कर सकते हैं।