
आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) और तकनीकी उन्नति के चलते जॉब मार्केट में बड़े बदलाव आ रहे हैं। कई कंपनियां ऑटोमेशन और AI पर शिफ्ट हो रही हैं, जिससे लाखों नौकरियों पर खतरा मंडरा रहा है। लेकिन लिंक्डइन की हालिया रिपोर्ट “Jobs on the Rise 2026” ने आश्वस्त किया है कि कुछ नौकरियां ऐसी हैं, जिन्हें इंसानी समझ और अनुभव की वजह से AI रिप्लेस नहीं कर पाएगा।
लिंक्डइन ने तीन साल से अधिक डेटा के आधार पर 2026 में तेजी से बढ़ने वाली टॉप 25 नौकरियों की सूची बनाई है। इसमें प्रॉम्प्ट इंजीनियर, AI इंजीनियर, सॉफ्टवेयर इंजीनियर, AI मैनेजर, मार्केटिंग कंसल्टेंट और अकाउंट मैनेजर जैसी नौकरियां शामिल हैं। लेकिन पांच ऐसी नौकरियां हैं, जिनकी मांग इंसानी स्किल्स और निर्णय क्षमता के कारण AI को चुनौती देती हैं।
- बिहेवियर थेरेपिस्ट (Behaviour Therapist)
बिहेवियरल थेरेपिस्ट मानसिक स्वास्थ्य के क्षेत्र में काम करते हैं। वे इमोशनल, मेंटल और बिहेवियरल समस्याओं के इलाज के लिए लोगों के साथ थेराप्यूटिक रिलेशनशिप बनाते हैं।
AI लक्षण पहचान सकता है, लेकिन भरोसा, समय पर सुनना और भावनात्मक जुड़ाव केवल इंसान कर सकता है।
जरूरी स्किल्स: एप्लाइड बिहेवियर एनालिसिस, ऑटिज्म थेरेपी, क्लिनिकल साइकोलॉजी, गाइडेंस काउंसलिंग।
- वेटरिनरी (पशु चिकित्सक)
पशु चिकित्सक सिर्फ इलाज तक सीमित नहीं रहते। उनका काम जानवरों के व्यवहार को समझना, तुरंत फैसले लेना और फील्ड में काम करना शामिल है।
फूड एंड एग्रीकल्चर रिपोर्ट के अनुसार, हैंड्स-ऑन स्किल्स और फटाफट निर्णय लेना इस फील्ड की प्रमुख मांग है।
- वेडिंग प्लानर (Wedding Planner)
शादी अब केवल एक इवेंट नहीं रह गया है। वेडिंग प्लानर परिवारों की परंपराओं और भावनाओं को समझकर यादगार पल बनाने का काम करते हैं।
AI डेटा एनालिसिस कर सकता है, लेकिन रिश्तेदारों का मैनेजमेंट, इवेंट की समस्याओं का समाधान और भावनाओं को समझना केवल इंसानी स्किल्स से संभव है।
जरूरी स्किल्स: वेडिंग प्लानिंग, कोऑर्डिनेशन, इवेंट प्रोडक्शन।
- अर्बन डिजाइनर (Urban Designer)
अर्बन डिजाइनर शहरों की योजना बनाते समय लोगों की जरूरतों, सामाजिक और राजनीतिक पहलुओं को ध्यान में रखते हैं।
AI केवल डेटा एनालिसिस कर सकता है, लेकिन यह तय नहीं कर सकता कि कहां स्कूल या हॉस्पिटल बनना चाहिए।
जरूरी स्किल्स: शहरी योजना, इन्फ्रास्ट्रक्चर डिज़ाइन, सामाजिक और पर्यावरणीय समझ।
- मैन्युफैक्चरिंग क्वालिटी मैनेजर (Manufacturing Quality Manager)
ये मैनेजर प्रोडक्ट क्वालिटी, इंस्पेक्शन और रेगुलेटरी कंप्लायंस की जिम्मेदारी संभालते हैं।
AI डिफेक्ट पहचान सकता है, लेकिन ऑडिट, रिस्क मैनेजमेंट और अंतिम निर्णय केवल इंसानी अनुभव से होता है।
जरूरी स्किल्स: FMEA, 8D प्रॉब्लम सॉल्विंग, APQP।
विशेष जानकारी:
Layoffs.fyi की रिपोर्ट के अनुसार, 2025 में 257 कंपनियों ने 1.22 लाख कर्मचारियों को निकाला, जबकि 2024 में 1.52 लाख कर्मचारियों को। WEF की फ्यूचर जॉब्स रिपोर्ट के मुताबिक अगले 4 साल में AI के कारण लगभग 9 करोड़ नौकरियां खतरे में हो सकती हैं। ऐसे में लिंक्डइन की नई जॉब्स रिपोर्ट नौजवानों के लिए आशा और दिशा दोनों देती है।