Saturday, January 10

पांढुर्णा में आवारा कुत्तों का खूनी तांडव, 9 वर्षीय मासूम सहित तीन लोग घायल

 

This slideshow requires JavaScript.

 

छिंदवाड़ा। पांढुर्णा शहर के मटन मार्केट क्षेत्र में शुक्रवार सुबह आवारा कुत्तों के झुंड ने राहगीरों पर जानलेवा हमला कर दिया। इस घटना में 9 वर्षीय मासूम बालक सहित तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।

 

घटना के अनुसार, टेकड़ी वार्ड निवासी 9 वर्षीय बालक के हाथ पर कुत्तों ने हमला कर गंभीर चोटें पहुंचाईं। आसपास मौजूद लोगों की मदद से बच्चे को सुरक्षित निकाला गया और तुरंत सिविल अस्पताल पहुंचाया गया। डॉक्टरों ने बताया कि बच्चे के हाथ में गहरे घाव हैं और उसे एंटी-रेबीज इंजेक्शन समेत आवश्यक इलाज दिया जा रहा है। इसी हमले में विशाल बालपांडे और शुभम घाटोडे भी घायल हुए हैं, जिनके हाथ-पैर में कुत्तों के काटने के निशान हैं। तीनों घायलों का अस्पताल में उपचार जारी है।

 

स्थानीय लोगों के अनुसार, मटन मार्केट क्षेत्र में करीब 30 से 40 आवारा कुत्तों का झुंड हमेशा मंडराता रहता है। बाजार में मटन की दुकानों से निकलने वाले अवशेषों के कारण कुत्तों का जमावड़ा बना रहता है। ये कुत्ते आपस में लड़ते हुए कई बार राहगीरों पर भी हमला कर देते हैं।

 

टेकड़ी वार्ड के पार्षद महेंद्र घोड़े ने बताया कि यह पहली घटना नहीं है। इससे पहले भी कई लोग कुत्तों के हमले का शिकार हो चुके हैं। बार-बार शिकायत के बावजूद समस्या का स्थायी समाधान नहीं हो पाया है।

 

स्थानीय नागरिकों ने नगर पालिका से मांग की है कि मटन मार्केट को आबादी से दूर स्थानांतरित किया जाए, ताकि इस तरह की घटनाओं को रोका जा सके।

 

नगर पालिका के सफाई निरीक्षक संजय कड़वे ने बताया कि शिकायत मिलने पर आवारा कुत्तों को पकड़कर सुरक्षित स्थान पर छोड़ा जाता है। उन्होंने कहा कि पालिका द्वारा समय-समय पर अभियान चलाया जाता है, लेकिन स्थानीय विरोध और संसाधनों की कमी के कारण समस्या पूरी तरह समाप्त नहीं हो पा रही है।

 

घटना के बाद नागरिकों में गहरा आक्रोश है। उन्होंने प्रशासन से आवारा कुत्तों की समस्या का स्थायी समाधान निकालने और मटन मार्केट को सुरक्षित स्थान पर स्थानांतरित करने की मांग की है। फिलहाल, मटन मार्केट क्षेत्र में दहशत का माहौल बना हुआ है और लोग प्रशासन की ठोस कार्रवाई का इंतजार कर रहे हैं।

 

Leave a Reply