Thursday, May 14

This slideshow requires JavaScript.

प्रयागराज माघ मेला: साधु-संतों की छवि खराब करने वाले दो इन्फ्लूएंसर गिरफ्तार

 

This slideshow requires JavaScript.

प्रयागराज: उत्तर प्रदेश के प्रयागराज में माघ मेला शुरू होते ही सोशल मीडिया क्रिएटर्स की गतिविधियां बढ़ गई हैं। श्रद्धालुओं और पर्यटकों की भारी भीड़ में कुछ कंटेंट क्रिएटर्स सकारात्मक और जानकारीपूर्ण सामग्री साझा कर रहे हैं, लेकिन कुछ अधिक व्यूज और कमाई की लालसा में भ्रामक और आपत्तिजनक वीडियो पोस्ट कर रहे हैं।

 

ऐसे ही एक मामले में साइबर पुलिस ने इंस्टाग्राम पर भ्रामक वीडियो पोस्ट करने वाले दो आरोपियों को गिरफ्तार किया। आरोपियों को कोर्ट में पेश कर जेल भेज दिया गया।

 

साइबर थाना प्रभारी ओम नारायण गौतम के अनुसार, सिकंदरा बहरिया निवासी प्रदीप साहू ने अपने इंस्टाग्राम प्रोफाइल @mrpraadeep से एक वीडियो पोस्ट किया, जिसका उद्देश्य माघ मेला में आए साधु-संतों की छवि को बदनाम करना था। जांच में पता चला कि बिहार के मधेपुरा जिले निवासी चंदन कुमार को वीडियो बनाने के लिए पहले से पूरी स्क्रिप्ट तैयार की गई थी।

 

स्क्रिप्ट के अनुसार चंदन कुमार को साधु-संतों के बीच जाकर लोगों से बातचीत करनी थी। वीडियो में यह दिखाया गया कि जब प्रदीप साहू उनसे गायत्री मंत्र पूछते हैं तो वह नहीं बता पाता, आधार कार्ड मांगने पर देने से इनकार करता है और भागने लगता है। इस पूरे दृश्य को इस तरह फिल्माया गया कि संतों की छवि को नुकसान पहुंचे।

 

पुलिस अधिकारी कुलदीप सिंह गुनावत के अनुसार, यह वीडियो महज एक दिन में 60 लाख (6 मिलियन) व्यूज प्राप्त कर गया। पूछताछ में आरोपी ने स्वीकार किया कि उसका उद्देश्य वीडियो को वायरल कर अपने अकाउंट की लोकप्रियता बढ़ाना और माघ मेला से जुड़े व्यवसायों के प्रमोशन ऑफर प्राप्त करना था।

 

साइबर पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके डिजिटल डिवाइस और सोशल मीडिया अकाउंट की जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों ने चेतावनी दी है कि माघ मेला जैसे धार्मिक आयोजन में किसी भी तरह की अफवाह, भ्रामक जानकारी या धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचाने वाले कंटेंट को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

 

Leave a Reply