Thursday, February 26

दुबई की 1 करोड़ की नौकरी छोड़ भारत लौटीं आरोही सूर्या, अब 2.2 करोड़ रुपये के ब्रांड की मालकिन ‘डांसिंग काउ’ के जरिए भारतीयों को स्वास्थ्यपूर्ण विकल्प दे रही उद्यमी

 

This slideshow requires JavaScript.

नई दिल्ली। लखनऊ की रहने वाली आरोही सूर्या ने दुबई में 1.1 करोड़ रुपये सालाना की हाई-प्रोफाइल नौकरी छोड़कर भारत में अपना स्टार्टअप ‘डांसिंग काउ’ शुरू किया। यह ब्रांड लोगों को गाय के दूध का स्वस्थ और टिकाऊ विकल्प, ओट मिल्क (जई का दूध) उपलब्ध कराता है। आज उनका स्टार्टअप 2.2 करोड़ रुपये के रेवेन्यू तक पहुंच चुका है।

कॉर्पोरेट की चमक से स्टार्टअप की ओर

इंजीनियरिंग के दौरान कई चुनौतियों का सामना करने वाली आरोही ने दुबई से MBA करने के बाद एचटीसी जैसी बड़ी कंपनी में मार्केटिंग हेड के पद तक का सफर तय किया। 1.1 करोड़ रुपये के सालाना वेतन के बावजूद उनके भीतर एक उद्यमी आत्मा छुपी थी। उन्होंने दुबई में अपना पहला स्टार्टअप यल्ला’ सफलतापूर्वक चलाया और उसे बेचकर 2022 में भारत लौट आईं।

ओट मिल्क का विचार कैसे आया

भारत लौटने पर उन्होंने देखा कि वेगन और डेयरी-फ्री उत्पादों की कमी है। इस बीच उनकी मां को डायबिटीज का पता चला, और डॉक्टर ने डेयरी प्रोडक्ट छोड़ने की सलाह दी। दूध प्रेमी देश में विकल्प की कमी देखकर आरोही ने अपने पति अनमोल गोयल के साथ मिलकर ओट मिल्क बनाने का निर्णय लिया। उनका मकसद था एक ऐसा दूध तैयार करना जो स्वाद में असली जैसा हो और पचाने में आसान।

आसान नहीं था सफर

सही रेसिपी तैयार करने में आरोही को 10 महीने लगे। भारत में प्लांट-बेस्ड मिल्क के लिए फैक्ट्री ढूंढना सबसे बड़ी चुनौती थी। उन्होंने पुणे में एक फैक्ट्री के साथ तालमेल बैठाया। आज भी रेसिपी को गोपनीय रखा गया है और हर बैच में टीम का भरोसेमंद सदस्य मशीनों में सामग्री डालता है। मार्च 2023 में आधिकारिक लॉन्च के बाद आरोही ने कैफे और सोशल मीडिया के माध्यम से लोगों को लैक्टोज इनटोलरेंस के प्रति जागरूक किया।

बड़ी योजनाएं

‘डांसिंग काउ’ आज भारत के 500 से अधिक कैफे, रिटेल स्टोर्स और ई-कॉमर्स प्लेटफॉर्म पर उपलब्ध है। वित्त वर्ष 2024-25 में इसका रेवेन्यू 2.2 करोड़ रुपये तक पहुंच गया। आरोही का लक्ष्य वित्त वर्ष 2025-26 में इसे 4.8 करोड़ रुपये तक बढ़ाना है। वह अपने ब्रांड का चेहरा बनकर इंस्टाग्राम पर अपनी यात्रा साझा करती हैं। उनका सपना इस ब्रांड को भारत का सबसे बड़ा डेयरी रिप्लेसमेंट ब्रांड बनाना और भविष्य में IPO लाना है।

 

Leave a Reply