
CES 2026, लास वेगास।
कंस्यूमर इलेक्ट्रॉनिक्स शो CES 2026 में मोटोरोला ने अपने पहले फोल्डेबल स्मार्टफोन Razr Fold को पेश किया। यह कंपनी का पहला फोल्डेबल डिवाइस होगा और इस साल ही बाजार में उपलब्ध होने की उम्मीद है। मोटोरोला अब तक केवल फ्लिप स्मार्टफोन ही पेश करती रही है, लेकिन फोल्डेबल कैटेगरी में इसकी एंट्री सैमसंग के फोल्ड सीरीज को टक्कर दे सकती है।
डिवाइस और डिस्प्ले
Razr Fold की सबसे खास बात यह है कि यह किताब की तरह खुलता है। फोन के बाहर 6.6 इंच का डिस्प्ले मिलेगा, जिससे इसे नॉर्मल फोन की तरह इस्तेमाल किया जा सकता है। फोन को अनफोल्ड करने पर सामने आता है 8.1 इंच का 2K LTPO डिस्प्ले, जो प्रीमियम लुक और बेहतर विज़ुअल अनुभव देता है।
स्टायलस और AI फीचर्स
फोन के डिस्प्ले में Moto Pen Ultra स्टायलस का सपोर्ट भी शामिल है, जिससे इसे एक टैब की तरह इस्तेमाल किया जा सकता है। मोटोरोला ने अपने सभी फोन में एआई का सिंपल इंटीग्रेशन किया है और अब फोल्डेबल फोन में इसे अगले स्तर पर ले जाने की तैयारी है। इसके जरिए नोटिफिकेशन की समरी और अन्य फीचर्स आसानी से इस्तेमाल किए जा सकेंगे।
कैमरा सिस्टम
Motorola Razr Fold में 50 मेगापिक्सल का ट्रिपल रियर कैमरा, अंदर वाले डिस्प्ले में 20 मेगापिक्सल का कैमरा और बाहर वाले डिस्प्ले में 32 मेगापिक्सल का सेल्फी कैमरा मिलेगा। फोन वीडियो रिकॉर्डिंग में डॉल्बी विज़न, स्टेबलाइजेशन और सिनेमैटिक क्वालिटी भी सपोर्ट करेगा।
मोटोरोला ने फिलहाल अपने पहले फोल्ड फोन की लॉन्च डेट का खुलासा नहीं किया है, लेकिन इस साल इसे बाजार में लाने की पूरी उम्मीद जताई जा रही है।
