Thursday, May 14

This slideshow requires JavaScript.

बांदा में नकली नोट गिरोह का भंडाफोड़ एसओजी व कोतवाली पुलिस की संयुक्त कार्रवाई, दो शातिर गिरफ्तार

 

This slideshow requires JavaScript.

 

 

बांदा।

उत्तर प्रदेश के बांदा जिले में पुलिस ने नकली भारतीय मुद्रा तैयार कर उसे बाजार में खपाने वाले एक संगठित अन्तरजनपदीय गिरोह का पर्दाफाश किया है। थाना कोतवाली नगर और एसओजी की संयुक्त टीम ने कार्रवाई करते हुए दो अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है, जिनके कब्जे से ₹1,12,500 मूल्य के नकली नोट और जाली नोट बनाने में प्रयुक्त आधुनिक उपकरण बरामद किए गए हैं।

 

मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने रची घेराबंदी

 

पुलिस के अनुसार, 4 जनवरी को मुखबिर से सूचना मिली थी कि दो संदिग्ध व्यक्ति कनवारा चौराहे के पास महोबा रोड की ओर से नकली भारतीय मुद्रा लेकर आ रहे हैं और उसे बाजार में चलाने की फिराक में हैं। सूचना को गंभीरता से लेते हुए पुलिस ने तत्काल चेकिंग अभियान शुरू किया। इस दौरान संदिग्ध अवस्था में खड़े दो युवक पुलिस को देखकर भागने लगे, जिन्हें तत्परता दिखाते हुए मौके पर ही पकड़ लिया गया।

 

एक ही सीरियल नंबर के 225 नकली नोट बरामद

 

तलाशी के दौरान अभियुक्तों के पास से 500 रुपये के 225 नकली नोट बरामद हुए, जिनकी कुल कीमत ₹1,12,500 है। जांच में सामने आया कि सभी नोटों पर एक ही सीरियल नंबर अंकित था, जिससे यह स्पष्ट हुआ कि नोट योजनाबद्ध तरीके से एक ही स्थान पर तैयार किए गए थे।

 

नकली नोट छापने की पूरी फैक्ट्री बरामद

 

पुलिस ने अभियुक्तों के कब्जे से नकली नोट तैयार करने में प्रयुक्त प्रिंटर, इमल्शन, बेनासाई, पीवीसी डिब्बे, इंक, ए4 साइज पेपर, पारदर्शी शीशा, कटर, फ्रेम, टेप, ब्रश, दो मोबाइल फोन और सैम्पल के तौर पर रखे गए दो असली 500 रुपये के नोट भी बरामद किए हैं।

 

पूछताछ में कबूला जुर्म

 

कड़ाई से पूछताछ में अभियुक्तों ने स्वीकार किया कि वे असली 500 रुपये के नोटों की नकल कर नकली नोट छापते थे और सुनियोजित तरीके से उन्हें बाजार में चलाने की तैयारी कर रहे थे। पुलिस अब गिरोह से जुड़े अन्य सदस्यों और नेटवर्क की तलाश में जुटी है।

 

गिरफ्तार अभियुक्तों की पहचान

 

गिरफ्तार किए गए अभियुक्तों में

 

राजाराम पुत्र अयोध्या, निवासी उटियां, थाना कबरई, जनपद महोबा

राहुल सिंह पुत्र राजू सिंह, निवासी पिडारी, थाना कबरई, जनपद महोबा

शामिल हैं।

 

पुलिस का सख्त संदेश

 

इस संबंध में सहायक पुलिस अधीक्षक सुश्री मेविस टॉक ने बताया कि नकली नोट जैसे आर्थिक और राष्ट्रविरोधी अपराधों में संलिप्त लोगों के खिलाफ कठोर कार्रवाई जारी रहेगी। उन्होंने कहा कि गिरोह के अन्य सदस्यों को भी जल्द गिरफ्तार किया जाएगा।

 

 

Leave a Reply