
मुंबई: बॉलीवुड के भाईजान सलमान खान ने 27 दिसंबर को अपना 60वां बर्थडे धूमधाम से मनाया। इस खास मौके पर सलमान ने अपने लिए तो शानदार पार्टी रखी, वहीं उनकी नन्ही भांजी आयत खान के लिए भी खेल और मस्ती का अलग ही इंतजाम किया गया।
पनवेल फार्महाउस में आयोजित पार्टी का माहौल एक छोटे मेले जैसा नजर आया। बच्चों के लिए झूले, बड़े-बड़े टेडी बियर और कार्टून सॉफ्ट टॉयज की व्यवस्था की गई थी। खास बात यह थी कि सलमान और आयत का एक वीडियो वायरल हो रहा है, जिसमें दोनों फेरिस व्हील झूले पर मस्ती करते नजर आए। फैंस इस वीडियो को देखकर झूम उठे और सलमान की नन्ही भांजी के साथ खेलने वाली मासूमियत की तारीफ की।
मेहमानों के लिए सलमान ने खुद बनाई भेल
सलमान खान ने अपनी पार्टी में शामिल मेहमानों के लिए भी खास इंतजाम किए। बॉलीवुड अभिनेता रितेश देशमुख की पत्नी जेनेलिया डिसूजा ने सोशल मीडिया पर एक वीडियो पोस्ट किया, जिसमें सलमान खुद काउंटर के पीछे खड़े होकर अपने हाथों से भेल बना रहे हैं। फैंस ने इस वीडियो को खूब पसंद किया।
सोशल मीडिया पर सलमान का संदेश
पार्टी के बाद सलमान खान ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर सभी शुभकामनाओं और प्यार के लिए आभार जताया। उन्होंने लिखा, “आपके सभी प्यार और शुभकामनाओं के लिए धन्यवाद। यह मेरे लिए बहुत मायने रखता है। भगवान आप सभी को स्वास्थ्य और खुशियां दें।”
सलमान और आयत का बर्थडे एक ही दिन मनाया गया, और इस साल की पार्टी ने फैंस और मेहमानों दोनों के लिए यादगार लम्हें बनाए।