Thursday, December 25

एयरलाइंस शुरू कर रही पायलटों की भर्ती, इंडिगो हर महीने करेगी 100 नए पायलटों की भर्ती

 

This slideshow requires JavaScript.

 

नई दिल्ली: हाल ही में सामने आए इंडिगो संकट के बाद अब भारतीय एयरलाइंस पायलटों की भर्ती में तेजी ला रही हैं। इंडिगो ने हर महीने 100 पायलटों की भर्ती का लक्ष्य तय किया है।

 

बेड़े में विस्तार और नए नियम का असर

भारतीय एयरलाइंस, जिनमें इंडिगो, एयर इंडिया, एयर इंडिया एक्सप्रेस और अकासा शामिल हैं, अपने बेड़े में बढ़ रहे विमानों और FDTL (Flight Duty Time Limit) के नए नियमों को देखते हुए पायलटों की भर्ती शुरू कर रही हैं। एयर इंडिया ने अधिकतम 30 वर्ष तक की आयु वाले युवा ट्रेनी पायलटों की भर्ती प्रक्रिया शुरू की है, जबकि इंडिगो अनुभवी फुल पायलटों को प्राथमिकता दे रहा है।

 

इंडिगो का संकट और भर्ती का कारण

दिसंबर के पहले सप्ताह में इंडिगो को पायलटों की कमी और रोस्टर गड़बड़ी का सामना करना पड़ा था। DGCA ने इंडिगो को FDTL नियम लागू करने में 10 फरवरी 2026 तक की छूट दी है। इस बीच, एयरलाइन अपने पायलट बेड़े की कमी को दूर करने और 500 नए ऑर्डर किए गए विमानों के लिए तैयार रहने की कोशिश कर रही है। सूत्रों के अनुसार, आने वाले समय में इंडिगो करीब 1000 पायलट भर्ती करने की योजना बना रही है।

 

DGCA की निगरानी

सभी एयरलाइंस ने DGCA को अपनी भर्ती प्रक्रिया की जानकारी दे दी है। अब DGCA हर एयरलाइन के पायलट और विमानों की संख्या, प्रतिदिन की फ्लाइट और FDTL नियमों के अनुपालन की निगरानी कर रही है। DGCA का उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि पायलटों की कमी के कारण फ्लाइट्स में कटौती या यात्रियों को परेशानी का सामना न करना पड़े।

 

इंडिगो का लक्ष्य और योजना

भारत में 418 विमानों के साथ सबसे बड़ी एयरलाइन इंडिगो दिसंबर में बिगड़ी अपनी इमेज को सुधारने के लिए तेजी से कदम उठा रही है। अगले महीने से इंडिगो हर महीने कम से कम 100 पायलटों की भर्ती करेगी। अन्य एयरलाइंस भी अपनी जरूरतों के अनुसार पायलटों की भर्ती पर जोर दे रही हैं।

 

 

Leave a Reply