
मेरठ/दिल्ली: मेरठ के मोदीपुरम से दिल्ली के सरायकाले खां तक नमो भारत ट्रेन सर्विस शुरू हो गई है। रविवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शताब्दी नगर नमो भारत स्टेशन पर ट्रेन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इसी अवसर पर पीएम मोदी ने मेरठ मेट्रो का भी शुभारंभ किया और मेरठ दक्षिण स्टेशन तक मेट्रो का निरीक्षण किया।
82 किलोमीटर लंबा यह दिल्ली-मेरठ गलियारा यात्रियों को साहिबाबाद, गाजियाबाद, मोदीनगर और मेरठ जैसे प्रमुख शहरों से तेज़ी से जोड़ता है। दिल्ली से मेरठ तक का सफर अब केवल 55 मिनट में पूरा होगा।
नमो भारत ट्रेन से जुड़े प्रमुख सवाल और जवाब
बच्चों की मुफ्त यात्रा: 90 सेंटीमीटर लंबाई से कम बच्चों को बगैर टिकट यात्रा की अनुमति है।
पालतू जानवर: पालतू जानवरों के साथ यात्रा की अनुमति नहीं है।
स्टेशन पर पार्किंग: पांच नमो भारत स्टेशनों पर वाहन पार्किंग सुविधा उपलब्ध है; बाकी स्टेशनों पर धीरे-धीरे सुविधा दी जाएगी।
प्रीमियम कोच की लोकेशन: मेरठ से दिल्ली जाते समय पहला डिब्बा प्रीमियम कोच होता है; दिल्ली से मेरठ जाते समय आखिरी डिब्बा प्रीमियम कोच होता है।
महिलाओं के लिए रिजर्व कोच: हर ट्रेन में प्रीमियम कोच के पास महिलाओं के लिए आरक्षित डिब्बा है। इसमें महिलाओं के अलावा दिव्यांग और छोटे बच्चों की यात्रा भी हो सकती है।
सीनियर सिटिजन और दिव्यांग लोग: हर डिब्बे में उनके लिए भी कुछ सीटें आरक्षित हैं।
मोबाइल चार्जिंग: हर डिब्बे में डिवाइस चार्जिंग पाइंट उपलब्ध हैं।
टिकट या कार्ड खो जाने पर: गंतव्य स्टेशन पर अधिकतम किराया और निर्धारित अतिरिक्त राशि वसूली जाएगी।
सीट बुकिंग: ट्रेन टाइम टेबल सर्विस नहीं होने के कारण पहले से सीट बुकिंग की सुविधा नहीं है। स्टेशन पर हर 15 मिनट में ट्रेन उपलब्ध होगी।
मेडिकल सुविधा: हर ट्रेन में फर्स्ट-एड बॉक्स है; इमरजेंसी में CATS के जरिए एंबुलेंस सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी।
स्ट्रेचर और व्हीलचेयर: दिल्ली जाने वाली ट्रेन के पहले कोच और मेरठ जाने वाली ट्रेन के आखिरी कोच में स्ट्रेचर और व्हीलचेयर की सुविधा है। स्टेशन की लिफ्ट से बीमार यात्री सुरक्षित यात्रा कर सकते हैं।
