Monday, February 23

कभी सोचा नहीं था शोक प्रस्ताव रखना: फडणवीस ने महाराष्ट्र विधानसभा में अजित पवार को बताया ‘डियर फ्रेंड’

मुंबई: महाराष्ट्र विधानमंडल के बजट सत्र के पहले दिन मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस भावुक नजर आए। उन्होंने दिवंगत उपमुख्यमंत्री अजित पवार को याद करते हुए विधानसभा में शोक प्रस्ताव रखा। फडणवीस ने अजित दादा को “डियर फ्रेंड” कहते हुए उनके साथ अपने व्यक्तिगत और राजनीतिक संबंधों का ज़िक्र किया।

This slideshow requires JavaScript.

फडणवीस ने याद किया अपने मेंटर और साथी

फडणवीस ने कहा कि अजित पवार केवल एक राजनीतिक साथी नहीं थे, बल्कि एक मेंटर और करीबी दोस्त थे। उन्होंने पवार के काम करने के तरीके, अनुशासन और कड़े फैसले लेने की काबिलियत की तारीफ की। फडणवीस ने कहा, “अगर दादा होते तो वे 12वां बजट पेश करते और अगले साल 13वां बजट। यह अपने आप में कीर्तिमान होता, लेकिन ऐसा नहीं हो पाया।”

भावुक क्षण: कभी नहीं सोचा था ऐसा दिन आएगा

सदन में फडणवीस ने कहा कि उन्होंने कभी नहीं सोचा था कि उन्हें अजित पवार के लिए शोक प्रस्ताव पेश करना पड़ेगा। उन्होंने बताया कि उनका रिश्ता राजनीतिक जुड़ाव से बहुत आगे था। फडणवीस ने पिछले एक दशक से अपने साथ की यादें साझा कीं और कहा कि महाराष्ट्र की राजनीति में पवार के जाने से जो खालीपन आया है, उसे कोई भर नहीं सकता।

व्यक्तिगत रिश्ते पर जोर

फडणवीस ने कहा, “अजित पवार मुझसे 11 साल सीनियर थे। वे हर मायने में ‘दादा’ थे। उनके अनुशासन, सुबह-सुबह के रूटीन और रोज़ाना के कामों की बारीकी से प्लानिंग उन्हें अलग बनाती थी।” उन्होंने यह भी बताया कि पवार काम के प्रति बेहद समर्पित और मेहनती थे।

बारामती प्लेन हादसे की जिक्र

गौरतलब है कि 28 जनवरी 2026 को अजित पवार की मौत बारामती प्लेन क्रैश में हुई थी। फडणवीस ने पारदर्शी जांच की मांग करते हुए कहा कि सरकार CBI जांच भी कराएगी। शुरुआती रिपोर्ट 28 फरवरी तक आने की उम्मीद है।

बजट सत्र की शुरुआत

इससे पहले महाराष्ट्र के राज्यपाल आचार्य देवव्रत ने बजट सत्र की शुरुआत दोनों सदनों की संयुक्त बैठक में की। आचार्य देवव्रत ने मराठी में भाषण शुरू किया और फिर हिंदी में बोले। इसके बाद सदन में वंदे मातरम, राष्ट्रगान और जय जय महाराष्ट्र माझा गूंजा। राज्यपाल ने कहा कि सरकार राजमाता जिजाऊ, छत्रपति शिवाजी महाराज, डॉ. बाबासाहेब अंबेडकर और भगवान बिरसा मुंडा जैसे समाज सुधारकों के आदर्शों पर चलेगी।

महाराष्ट्र का बजट सत्र 25 मार्च 2026 तक चलेगा।

Leave a Reply