
नई दिल्ली। केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (CBSE) ने 10वीं और 12वीं बोर्ड परीक्षा 2026 के एडमिट कार्ड जारी कर दिए हैं। इस बार करीब 42 लाख से ज्यादा स्टूडेंट्स का इंतजार खत्म हुआ। एडमिट कार्ड डाउनलोड करने का लिंक परीक्षा संगम पोर्टल पर एक्टिवेट कर दिया गया है।
स्टूडेंट्स सीधे डाउनलोड नहीं कर पाएंगे
CBSE ने स्पष्ट किया है कि स्टूडेंट्स अपने एडमिट कार्ड को सीधे ऑनलाइन डाउनलोड नहीं कर सकते। सिर्फ स्कूल के हेड या प्रिंसिपल्स लॉगइन के जरिए एडमिट कार्ड डाउनलोड कर सकेंगे। इसके बाद स्कूल को स्टूडेंट्स की डिटेल्स वेरिफाई करनी होगी। प्रिंसिपल के सिग्नेचर और स्कूल की मुहर के बाद ही स्टूडेंट्स को एडमिट कार्ड दिए जाएंगे।
एडमिट कार्ड पर चेक करें ये 8 जरूरी डिटेल्स
स्कूल से एडमिट कार्ड लेने के बाद स्टूडेंट्स को निम्नलिखित चीजों को जरूर चेक करना चाहिए:
-
स्टूडेंट का नाम
-
माता-पिता का नाम
-
स्कूल का नाम
-
रोल नंबर
-
एग्जाम सेंटर का पता
-
रिपोर्टिंग टाइमिंग
-
जन्म तिथि
-
फोटो और सिग्नेचर
कैसे डाउनलोड करेंगे स्कूल हेड्स
-
CBSE की ऑफिशियल वेबसाइट cbse.gov.in पर जाएं।
-
होमपेज पर ‘परीक्षा संगम’ पर क्लिक करें।
-
‘Pre Exam Activities’ पर क्लिक करें।
-
फिर ‘Admit Card, Center Material for Main Exam 2026’ पर क्लिक करें।
-
स्कूल हेड्स को यूजर आईडी और पासवर्ड दर्ज करना होगा।
-
एडमिट कार्ड स्क्रीन पर खुल जाएगा, जिसे डाउनलोड और प्रिंट किया जाएगा।
बोर्ड परीक्षाएं 17 फरवरी से शुरू
CBSE 10वीं-12वीं बोर्ड परीक्षाएं 17 फरवरी 2026 से शुरू होंगी। 10वीं की परीक्षाएं 17 फरवरी से 11 मार्च 2026 तक चलेंगी, जबकि 12वीं की परीक्षाएं 10 अप्रैल 2026 तक संपन्न होंगी। स्टूडेंट्स को परीक्षा केंद्र में एडमिट कार्ड की हार्ड कॉपी साथ ले जाना अनिवार्य है।
CBSE ने स्टूडेंट्स को एडमिट कार्ड में दी गई गाइडलाइंस का पालन करने की सलाह दी है, ताकि परीक्षा के दौरान किसी भी तरह की परेशानी का सामना न करना पड़े।