Thursday, June 18

This slideshow requires JavaScript.

बिहार में ‘राक्षसराज’: सुधाकर सिंह का नीतीश सरकार पर तीखा हमला, कहा– अपराधियों के साथ घूमते हैं सीएम

बक्सर/पटना: राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के सांसद सुधाकर सिंह ने बिहार की बिगड़ती कानून-व्यवस्था और महिलाओं के खिलाफ बढ़ते अपराधों को लेकर राज्य सरकार पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने प्रदेश की वर्तमान स्थिति की तुलना ‘राक्षसराज’ से की और मुख्यमंत्री नीतीश कुमार पर अपराधियों को संरक्षण देने का गंभीर आरोप लगाया।

This slideshow requires JavaScript.

सुधाकर सिंह ने मुजफ्फरपुर बालिका गृह कांड का जिक्र करते हुए कहा कि जिस तरह से इस मामले में लीपापोती की गई, उसी का परिणाम है कि आज बच्चियों के साथ दुष्कर्म करने वाले माफियाओं के हौसले बुलंद हैं। सांसद ने आरोप लगाया कि इस कांड के मुख्य आरोपी के घर मुख्यमंत्री नीतीश कुमार जन्मदिन की पार्टियों में जाते थे। उन्होंने कहा, “जब राज्य का मुखिया ही अपराधियों के साथ उठे-बैठे, तो प्रदेश की स्थिति बदहाल होना तय है।”

राजद सांसद ने नीट छात्रा की संदिग्ध मौत पर गहरी चिंता जताई और बिहार में छात्राओं के सुरक्षित आवास की कमी पर सवाल उठाए। उन्होंने बताया कि तमिलनाडु, महाराष्ट्र और गुजरात जैसे राज्यों ने केंद्र की योजनाओं का लाभ उठाकर सैकड़ों महिला हॉस्टल बनाए, लेकिन बिहार सरकार इस दिशा में पूरी तरह विफल रही।

सुधाकर सिंह ने मुंबई में 314 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाले नए ‘बिहार भवन’ के फैसले को भी फिजूलखर्ची करार दिया। उन्होंने कहा, “जब बिहार के लोग कैंसर जैसी गंभीर बीमारियों से जूझ रहे हैं, तब सरकार करोड़ों रुपये भवन निर्माण पर क्यों खर्च कर रही है। इसी राशि से बिहार में अत्याधुनिक कैंसर सुपर स्पेशलिटी अस्पताल की नींव रखी जा सकती थी।”

सांसद ने साफ कहा कि मुंबई में बनने वाला बिहार भवन आम गरीब मरीजों के लिए नहीं, बल्कि अधिकारियों और नेताओं के आराम के लिए बनाया जा रहा है। सुधाकर सिंह की ये टिप्पणियां राज्य सरकार की नीतियों और प्रशासनिक निर्णयों पर तीखी आलोचना के रूप में सामने आई हैं।

Leave a Reply