
नई दिल्ली: सपनों के लिए संघर्ष और समर्पण का सही उदाहरण पेश करते हुए सृष्टि डबास ने UPSC सिविल सेवा परीक्षा में रैंक-6 हासिल कर इंडियन एडमिनिस्ट्रेटिव सर्विस (IAS) में प्रवेश लिया। दिन में भारतीय रिजर्व बैंक (RBI) में नौकरी और रात में लगातार पढ़ाई करते हुए उन्होंने अपनी मेहनत और समर्पण का लोहा मनवाया।
दिल्ली से संघर्षपूर्ण शुरुआत
दिल्ली की रहने वाली सृष्टि ने कम उम्र में ही मां के संघर्ष को देखा। एकल पालन-पोषण में मां की मेहनत ने सृष्टि के जीवन पर गहरा प्रभाव डाला। उन्होंने ठान लिया कि अपने जीवन और करियर की उपलब्धियों से मां को गर्वित करेंगी।
शिक्षा और तैयारी
सृष्टि ने ग्रेजुएशन दिल्ली के इंद्रा ट्रस्ट कॉलेज से पॉलिटिकल साइंस में किया और IGNOU से मास्टर्स की डिग्री प्राप्त की। पोस्ट ग्रेजुएशन के बाद उन्होंने UPSC की तैयारी शुरू कर दी थी।
RBI और सामाजिक न्याय मंत्रालय में नौकरी
UPSC से पहले सृष्टि ने RBI में नौकरी की, साथ ही सामाजिक न्याय मंत्रालय में भी काम किया। लेकिन उनका सपना हमेशा IAS बनने का था। इस लक्ष्य को पाने के लिए उन्होंने अपने ऑफिस की छुट्टियां, नींद और आराम तक छोड़ दिए।
नौकरी के साथ UPSC तैयारी
सृष्टि ने 8-9 घंटे की नौकरी के दौरान भी लंच ब्रेक और छुट्टियों में पढ़ाई जारी रखी। प्रैक्टिस और रिवीजन को रोजाना की आदत में शामिल किया। ऑफिस की लाइब्रेरी उनका सबसे बड़ा सहारा बनी।
सफलता की कहानी
2023 में अपने पहले प्रयास में ही UPSC क्रैक कर सृष्टि ने रैंक-6 हासिल की। उनकी सफलता निरंतरता, आत्मविश्वास और कठिन परिश्रम का प्रतीक है। आज IAS सृष्टि डबास लाखों UPSC उम्मीदवारों के लिए प्रेरणा का स्रोत हैं। उनकी यात्रा यह संदेश देती है कि बड़े सपनों को सच करने के लिए समर्पण, मेहनत और खुद पर विश्वास जरूरी है।
(All Photos Credit: IG/ias_srishtidabas/)