
पटना (दिनकर झा): केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह ने बिहार में कथित तौर पर हो रहे धर्म परिवर्तन को लेकर बड़ा बयान दिया है। उन्होंने कहा कि गरीब और कमजोर वर्ग को प्रलोभन और लाभ देकर धर्म परिवर्तन के लिए उकसाया जा रहा है। इस गतिविधि को रोकने के लिए उन्होंने राज्य सरकार से धर्म परिवर्तन पर सख्त कानून बनाने की अपील की।
धर्म परिवर्तन पर कानून की मांग
गिरिराज सिंह ने कहा, “बिहार में जिस तेजी से धर्म परिवर्तन की घटनाएं हो रही हैं, वह चिंता का विषय है। अगर समय रहते इस पर रोक नहीं लगाई गई तो बिहार कहीं केरल का दूसरा रूप न बन जाए। गरीब भाई-बहनों को किसी तरह के प्रलोभन में फंसाकर धर्म परिवर्तन नहीं कराया जाना चाहिए।”
बीजेपी में नितिन नवीन की नियुक्ति पर प्रतिक्रिया
बीजेपी के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष के रूप में नितिन नवीन की नियुक्ति पर गिरिराज सिंह ने कहा कि यह बिहार के लिए गर्व की बात है। उन्होंने बताया कि नितिन नवीन युवाओं में सबसे अधिक ऊर्जावान हैं और पांच बार विधायक रह चुके हैं। गिरिराज सिंह ने कांग्रेस पर भी निशाना साधते हुए कहा कि वह गांधी परिवार से बाहर नहीं निकल पाई, जबकि बीजेपी ने यह साबित कर दिया कि एक साधारण कार्यकर्ता भी राष्ट्रीय स्तर तक पहुंच सकता है।
अवैध संपत्ति पर स्कूल खोलने की नीति को सराहा
गिरिराज सिंह ने बिहार के गृह मंत्री सम्राट चौधरी द्वारा लालू प्रसाद यादव की कथित अवैध संपत्तियों पर स्कूल खोलने की नीति की सराहना की। उन्होंने कहा कि यह समाज के लिए सकारात्मक कदम है और किसी की भी अवैध संपत्ति का उपयोग शिक्षा के क्षेत्र में किया जाना एक सही नीति है।