Thursday, June 11

This slideshow requires JavaScript.

अर्जुन रामपाल: मिलिट्री बैकग्राउंड से बॉलीवुड की चमक तक, संघर्षों की अनकही कहानी

नई दिल्ली, 26 नवंबर: बॉलीवुड के हैंडसम और टैलेंटेड अभिनेता अर्जुन रामपाल आज 51 साल के हो गए हैं। नैशनल अवॉर्ड विजेता और ‘रॉक ऑन’ जैसी फिल्मों के लिए जाने जाने वाले अर्जुन का सफर आसान नहीं रहा। मॉडलिंग की दुनिया में नाम कमाने के बावजूद, उनके लिए कभी-कभी घर का खर्च चलाना भी मुश्किल हो जाता था।

This slideshow requires JavaScript.

अर्जुन का जन्म 26 नवंबर 1972 को मध्य प्रदेश के जबलपुर में हुआ। उनका परिवार मिलिट्री बैकग्राउंड से जुड़ा था। उनके नाना, ब्रिगेडियर गुरदयाल सिंह, भारतीय सेना के लिए पहली आर्टिलरी गन डिजाइन करने वाली टीम का हिस्सा थे। अर्जुन के माता-पिता का तलाक उनके बचपन में हो गया और उनका पालन-पोषण उनकी मां, जो कि एक स्कूल टीचर थीं, ने अकेले किया।

शिक्षा के लिए अर्जुन महाराष्ट्र में पढ़े और आगे की पढ़ाई के लिए दिल्ली के हिंदू कॉलेज पहुंचे, जहां से उन्होंने इकॉनॉमिक्स में ग्रैजुएशन किया। इसी दौरान एक पार्टी में उनकी मुलाकात फैशन डिजाइनर रोहित बल से हुई, जिन्होंने उनकी पर्सनैलिटी देखकर उन्हें मॉडलिंग का ऑफर दिया। देखते ही देखते अर्जुन भारत के टॉप मॉडल्स में शामिल हो गए और 1994 में ‘सोसाइटी फेस ऑफ द ईयर’ का अवॉर्ड भी हासिल किया।

हालांकि, मॉडलिंग में सफलता के बावजूद अर्जुन के लिए आर्थिक संघर्ष कम नहीं हुए। एक इंटरव्यू में उन्होंने खुद बताया कि फिल्मों में आने की कोशिशों के दौरान उनके पास कई बार खाना खरीदने तक के पैसे नहीं होते थे।

अर्जुन को पहली फिल्म ‘मोक्ष’ में काम करने का मौका मिला, लेकिन यह फिल्म बनने में पांच साल लग गए। 2001 में उनकी पहली रिलीज फिल्म ‘प्यार इश्क और मोहब्बत’ आई, जो बॉक्स ऑफिस पर ज्यादा नहीं चली, लेकिन उनकी एक्टिंग की तारीफ हुई। इसके बाद उन्होंने ‘दीवानापन’, ‘दिल का रिश्ता’, ‘वादा’ जैसी फिल्मों में रोमांटिक भूमिकाएं निभाईं।

2006-2007 में उनके करियर में बड़ा मोड़ आया। शाहरुख खान की फिल्म ‘डॉन’ में उनका किरदार चर्चित हुआ और ‘ओम शांति ओम’ में विलन के रोल ने उन्हें असली पहचान दिलाई। 2008 में आई ‘रॉक ऑन’ में उन्होंने रॉकस्टार की भूमिका निभाई, जिसके लिए उन्होंने असली गिटार सीखने में महीनों मेहनत की। इस फिल्म के लिए उन्हें 2010 में बेस्ट सपोर्टिंग एक्टर का नैशनल अवॉर्ड और फिल्मफेयर अवॉर्ड भी मिला।

अर्जुन ने बाद में अपनी प्रोडक्शन कंपनी ‘चेजिंग गणेशा फिल्म्स’ शुरू की और ‘आई सी यू’ तथा ‘डैडी’ जैसी फिल्मों का निर्माण किया। संघर्षों और मेहनत से भरे इस लंबे सफर में अर्जुन रामपाल आज हिंदी सिनेमा के स्थापित नामों में शामिल हैं। फिटनेस और स्टाइल के मामले में हमेशा चर्चा में रहने वाले अर्जुन की अपकमिंग फिल्म ‘धुरंधर’ 5 दिसंबर को रिलीज होने जा रही है।

Leave a Reply