
भाजपा प्रदेश कार्यालय में महापुरुषों को नमन कर विधि-विधान से ग्रहण किया दायित्व

भोपाल, 12 मई 2026।
भारतीय जनता पार्टी प्रदेश कार्यालय में मंगलवार को एक गरिमामय कार्यक्रम के दौरान मध्यप्रदेश शासन के विभिन्न बोर्डों के नवनियुक्त अध्यक्षों एवं पदाधिकारियों ने विधि-विधान से पदभार ग्रहण किया। कार्यक्रम भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एवं विधायक हेमंत खण्डेलवाल की उपस्थिति में आयोजित हुआ।

इस अवसर पर पंकज जोशी ने मध्यप्रदेश खादी एवं ग्रामोद्योग बोर्ड के अध्यक्ष, सत्येन्द्र भूषण सिंह ने लघु उद्योग निगम के अध्यक्ष, प्रभुदयाल कुशवाह ने मध्यप्रदेश कुश कल्याण बोर्ड के अध्यक्ष तथा डॉ. राकेश जादौन ने उपाध्यक्ष के रूप में पदभार ग्रहण किया।
कार्यक्रम में मध्यप्रदेश शासन के मंत्री प्रहलाद पटेल, रावउदय प्रताप सिंह, नारायण सिंह कुशवाह, चैतन्य काश्यप, इंदर सिंह परमार, गौतम टेटवाल एवं प्रतिमा बागरी सहित पार्टी पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
सभी नवनियुक्त पदाधिकारियों ने भाजपा प्रदेश कार्यालय में पंडित दीनदयाल उपाध्याय एवं डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी की प्रतिमाओं पर माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की। इसके पश्चात अपने-अपने कार्यालय पहुंचकर पूजा-अर्चना के साथ औपचारिक रूप से पदभार ग्रहण किया।
खादी और ग्रामोद्योग से आत्मनिर्भरता को मिलेगा बल: पंकज जोशी
मध्यप्रदेश खादी एवं ग्रामोद्योग बोर्ड के नवनियुक्त अध्यक्ष श्री पंकज जोशी ने कहा कि खादी और ग्रामोद्योग केवल रोजगार का माध्यम नहीं, बल्कि देश की आत्मनिर्भरता, ग्रामीण अर्थव्यवस्था और स्वदेशी विचारधारा को मजबूत करने का सशक्त अभियान है। उन्होंने कहा कि बोर्ड द्वारा खादी उत्पादों को अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाने और ग्रामीण रोजगार को बढ़ावा देने के लिए प्रभावी कार्य किए जाएंगे।
उन्होंने मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव एवं भाजपा प्रदेश अध्यक्ष श्री हेमंत खण्डेलवाल के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उन्हें जो जिम्मेदारी सौंपी गई है, उसका निर्वहन पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ करेंगे।
लघु उद्योगों को नई दिशा देने का संकल्प: सत्येन्द्र भूषण सिंह
मध्यप्रदेश लघु उद्योग निगम के अध्यक्ष श्री सत्येन्द्र भूषण सिंह ने कहा कि प्रदेश के लघु एवं सूक्ष्म उद्योगों को मजबूत बनाकर ग्रामीण एवं शहरी उद्यमियों को सशक्त करना उनकी प्राथमिकता होगी। उन्होंने कहा कि सरकार की योजनाओं को प्रभावी ढंग से लागू कर “आत्मनिर्भर मध्यप्रदेश” के लक्ष्य को नई गति दी जाएगी।
समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचेंगी योजनाएं: प्रभुदयाल कुशवाह
मध्यप्रदेश कुश कल्याण बोर्ड के अध्यक्ष श्री प्रभुदयाल कुशवाह ने कहा कि बोर्ड का मुख्य उद्देश्य समाज के अंतिम पंक्ति के व्यक्ति को शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं से जोड़ना और उनके आर्थिक एवं शैक्षणिक उत्थान के लिए कार्य करना है। उन्होंने कहा कि समाज के सर्वांगीण विकास के लिए वे निरंतर धरातल पर सक्रिय रहेंगे।
कार्यक्रम में भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष रणवीर सिंह रावत, शैलेन्द्र बरूआ, सुरेन्द्र शर्मा, प्रदेश मंत्री राजो मालवीय, बबीता परमार, प्रदेश कोषाध्यक्ष अखिलेश जैन, प्रदेश कार्यालय मंत्री श्याम महाजन, प्रदेश मीडिया प्रभारी आशीष उषा अग्रवाल सहित अनेक वरिष्ठ नेता एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।


