
फिलाडेल्फिया, 24 फरवरी 2026: अमेरिका में इमिग्रेशन नियमों में कड़ाई और तेज़ी से लागू होने वाली जांच का असर विदेशी छात्रों पर साफ़ दिखाई दे रहा है। पेंसिल्वेनिया यूनिवर्सिटी ने अपने यहां पढ़ने वाले अंतरराष्ट्रीय छात्रों और स्कॉलर्स के लिए नया निर्देश जारी किया है।
यूनिवर्सिटी की इंटरनेशनल स्टूडेंट एंड स्कॉलर सर्विसेज (ISSS) ने ईमेल के जरिए छात्रों को सलाह दी है कि वे हमेशा अपने पास इमिग्रेशन से जुड़े सभी दस्तावेज रखें। इसमें पासपोर्ट, वीज़ा पेज, फॉर्म I-20, फॉर्म I-94 और अगर कोई ऑप्शनल प्रैक्टिकल ट्रेनिंग (OPT) पर है, तो EAD कार्ड और OPT I-20 फॉर्म भी शामिल हैं।
ईमेल में यह भी कहा गया कि यदि कोई छात्र अमेरिका में रहते हुए फिलाडेल्फिया शहर की सीमा में बाहर जाता है, तो उसके पास दस्तावेजों की फोटोकॉपी पर्याप्त होगी। लेकिन अगर शहर से बाहर यात्रा कर रहे हैं, तो ऑरिजनल डॉक्यूमेंट्स साथ रखना अनिवार्य है।
यूनिवर्सिटी ने छात्रों को चेतावनी दी कि अगर इमिग्रेशन एजेंट रास्ते में रोकता है, तो शांत और सम्मानपूर्वक सभी सवालों के जवाब दें। फर्जी कॉल या दस्तावेज़ मांगने पर तुरंत कॉल काटकर स्थानीय पुलिस और यूनिवर्सिटी की पब्लिक सेफ्टी सर्विस को सूचित करना चाहिए।
पिछले कुछ महीनों में अमेरिकी सरकार द्वारा इमिग्रेशन एंड कस्टम एंफोर्समेंट (ICE) एजेंटों की सख़्ती बढ़ाई गई है, और तेज़ Deportations की योजना $38.3 बिलियन डॉलर की है। इसी के मद्देनज़र पेंसिल्वेनिया यूनिवर्सिटी ने अपने छात्रों की सुरक्षा और कानूनी स्थिति को सुनिश्चित करने के लिए यह नया फरमान जारी किया है।
यूनिवर्सिटी का संदेश स्पष्ट है – अमेरिका में कानूनन रहना और हमेशा अपने इमिग्रेशन डॉक्यूमेंट्स साथ रखना हर अंतरराष्ट्रीय छात्र का कर्तव्य है।
