
ढाका: बांग्लादेश के राष्ट्रपति मोहम्मद शहाबुद्दीन ने बड़ा खुलासा किया है कि अमेरिका के साथ हुई एक महत्वपूर्ण ट्रेड डील में न केवल जनता बल्कि राष्ट्रपति कार्यालय को भी अंधेरे में रखा गया। यह डील मोहम्मद यूनुस के नेतृत्व वाली अंतरिम सरकार ने 12 फरवरी को, आम चुनाव से मात्र तीन दिन पहले फाइनल की थी।
राष्ट्रपति शहाबुद्दीन ने कालेर कंठो से बातचीत में बताया कि यूनुस ने 18 महीने के अपने कार्यकाल में संविधान की अवहेलना की। संविधान के अनुसार विदेश यात्रा और किसी भी अंतरराष्ट्रीय समझौते की जानकारी राष्ट्रपति को देना अनिवार्य है। लेकिन यूनुस ने ना तो राष्ट्रपति को मौखिक रूप से सूचित किया और ना ही लिखित रूप में। अमेरिका से हुई इस ट्रेड डील की जानकारी राष्ट्रपति को बिल्कुल नहीं दी गई।
राष्ट्रपति ने कहा:
“पिछले सभी राष्ट्राध्यक्षों ने राष्ट्रपति को सूचित किया था क्योंकि यह संवैधानिक दायित्व है। लेकिन यूनुस ने ऐसा नहीं किया। वह मुझसे मिलने ही नहीं आए।”
बांग्लादेश की नई सरकार भी इस डील को लेकर सतर्क दिख रही है। वरिष्ठ अधिकारी ने कहा कि तारिक रहमान के नेतृत्व वाली सरकार इस डील की समीक्षा करेगी और आवश्यकतानुसार इसमें बदलाव कर सकती है।
राष्ट्रपति शहाबुद्दीन ने अंतरिम सरकार के हेड यूनुस पर कड़ी निंदा करते हुए कहा कि उनका ध्यान केवल राष्ट्रपति पद को अस्थिर करने पर केंद्रित था। उन्होंने आरोप लगाया कि यूनुस ने अंतरिम सरकार के दौरान संविधान की अवहेलना की और एक पूर्व मुख्य न्यायाधीश को लाकर उन्हें असंवैधानिक तरीके से हटाने की साजिश भी रची।
विशेषज्ञों का कहना है कि चुनाव से पहले की गई इस सीक्रेट डील और अंतरिम सरकार की कार्यशैली ने बांग्लादेश में राजनीतिक अस्थिरता की संभावनाओं को बढ़ा दिया है।
