Monday, February 23

रिसेप्शन पार्टी से निकलते ही बरसीं गोलियां: पटना में 40 साल पुरानी रंजिश ने ली दो सगे भाइयों की जान

पटना, 23 फरवरी 2026: Patna में अपराधियों ने शादी के खुशनुमा माहौल को खून से रंग दिया। गोपालपुर थाना क्षेत्र के शाहपुर गांव में रविवार देर रात रिसेप्शन पार्टी से बाहर निकलते ही दो सगे भाइयों पर ताबड़तोड़ गोलियां बरसा दी गईं। करीब 20 राउंड फायरिंग में दोनों भाइयों की मौके और अस्पताल ले जाते समय मौत हो गई।

This slideshow requires JavaScript.

मृतकों की पहचान मनीष कुमार (32) और मंजीत कुमार (24) के रूप में हुई है। घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत और तनाव का माहौल है।

घात लगाकर की गई सुनियोजित वारदात

जानकारी के अनुसार, दोनों भाई पड़ोसी के यहां आयोजित स्वागत समारोह में शामिल होने गए थे। रात करीब 9:15 बजे जैसे ही वे खाना खाकर बाहर निकले, पहले से घात लगाए अपराधियों ने उन पर अंधाधुंध फायरिंग शुरू कर दी।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, अचानक गोलियों की आवाज से अफरातफरी मच गई और लोग जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे। मनीष की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि मंजीत ने अस्पताल पहुंचने से पहले दम तोड़ दिया।

40 साल पुराना जमीन विवाद बना जानलेवा

स्थानीय लोगों और परिजनों का कहना है कि इस दोहरे हत्याकांड के पीछे करीब छह एकड़ जमीन को लेकर 40 साल पुरानी पटीदारी रंजिश है। पांच महीने पहले अदालत ने फैसला मृतकों के परिवार के पक्ष में सुनाया था। आरोप है कि इसी से बौखलाए विरोधी पक्ष ने सुनियोजित तरीके से इस वारदात को अंजाम दिया।

परिजनों ने कृष्णा, प्रेम और उनके परिवार के सदस्यों पर हत्या का सीधा आरोप लगाया है।

पुलिस की लापरवाही पर सवाल

मृतकों के पिता राजकिशोर राय ने प्रशासन पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उनका कहना है कि उन्हें पहले से अनहोनी की आशंका थी और उन्होंने स्थानीय थाने से लेकर एसएसपी कार्यालय तक सुरक्षा की गुहार लगाई थी, लेकिन कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई।

वहीं सिटी एसपी (ईस्ट) परिचय कुमार ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। एफएसएल टीम ने साक्ष्य जुटाए हैं और समारोह की वीडियो रिकॉर्डिंग खंगाली जा रही है। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है।

छावनी में तब्दील हुआ इलाका

घटना के बाद शाहपुर गांव में भारी पुलिस बल तैनात कर दिया गया है। किसी भी अप्रिय घटना को रोकने के लिए इलाके में लगातार गश्त की जा रही है।

शादी के जश्न में मातम का साया छा गया है। दो जवान बेटों की एक साथ मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। यह घटना एक बार फिर राजधानी में कानून-व्यवस्था और पुरानी रंजिशों के खतरनाक परिणामों पर गंभीर सवाल खड़े कर रही है।

Leave a Reply